'उड़ने की आशा' में 7 साल का लीप, सायली की बदली जिंदगी पर बोलीं नेहा-'कहानी का नया दौर बेहद खास है'

उड़ने की आशा में 7 साल का लीप, सायली की बदली जिंदगी पर बोलीं नेहा-कहानी का नया दौर बेहद खास है
टीवी शो 'उड़ने की आशा' अब अपनी कहानी में एक बड़ा बदलाव लाने जा रहा है। शो में जल्द ही सात साल का लीप देखने को मिलेगा, जिसके बाद कहानी एक नए दौर में प्रवेश करेगी। इस नए मोड़ को लेकर शो की मुख्य अभिनेत्री नेहा हरसोरा काफी उत्साहित हैं। उन्होंने बताया कि जब उन्हें पहली बार इस लीप के बारे में जानकारी मिली थी, तो वह भावुक हो गई थीं।

मुंबई, 14 जुलाई (आईएएनएस)। टीवी शो 'उड़ने की आशा' अब अपनी कहानी में एक बड़ा बदलाव लाने जा रहा है। शो में जल्द ही सात साल का लीप देखने को मिलेगा, जिसके बाद कहानी एक नए दौर में प्रवेश करेगी। इस नए मोड़ को लेकर शो की मुख्य अभिनेत्री नेहा हरसोरा काफी उत्साहित हैं। उन्होंने बताया कि जब उन्हें पहली बार इस लीप के बारे में जानकारी मिली थी, तो वह भावुक हो गई थीं।

शो में नेहा हरसोरा सायली का किरदार निभा रही हैं। सात साल के लीप के बाद सायली की जिंदगी पूरी तरह बदली हुई नजर आएगी। कहानी के अनुसार, सायली और रोशनी की प्रेग्नेंसी के दौरान एक मेडिकल इमरजेंसी होती है, जिसके बाद जन्म के समय बच्चों की अदला-बदली हो जाती है। इस घटना के बाद सायली और सचिन को लगता है कि उन्होंने अपना बच्चा हमेशा के लिए खो दिया है। वहीं, दूसरी तरफ उनका बेटा रोशनी और तेजस के साथ बड़ा हो रहा होता है। इस सच्चाई से अनजान सायली और सचिन अपनी जिंदगी को आगे बढ़ाने की कोशिश करते हैं।

नेहा हरसोरा ने इस नए ट्रैक को लेकर कहा, ''जब मैंने पहली बार इस लीप के बारे में सुना तो मैं सच में भावुक हो गई थी, क्योंकि इसने मुझे याद दिलाया कि जिंदगी कितनी अनिश्चित होती है। हम सभी सोचते हैं कि हमारी जिंदगी किस तरह आगे बढ़ेगी, लेकिन कई बार जिंदगी हमारे लिए कुछ अलग ही योजना लेकर आती है।''

नेहा ने कहा, ''एक कलाकार के तौर पर किरदार के नए पहलू को निभाने का मौका हमेशा खास होता है। हालांकि, सायली के सफर को समझते हुए मेरे मन में कई भावनाएं भी आईं। मैं यह सोचती रही कि सायली ने इन सात सालों में कितना कुछ सहा होगा, उसने जिन परिस्थितियों का सामना किया होगा, उसे पर्दे पर दिखाना मेरे लिए एक बड़ी चुनौती है।''

लीप के बाद शो की कहानी में दिखाया जाएगा कि सायली और सचिन गणपतिपुले में अपनी जिंदगी को दोबारा संभाल चुके हैं। उनके साथ उनकी बेटी पूर्णा भी है। लेकिन बच्चों के कहानी में आने के बाद पुराने राज धीरे-धीरे सामने आने लगेंगे। छिपे हुए सच, रिश्तों की उलझन और परिवार के बीच के भावनात्मक जुड़ाव कहानी को एक नया मोड़ देंगे।

नेहा ने शूटिंग के दौरान के अनुभव को भी साझा किया। उन्होंने बताया कि कुछ सीन ऐसे थे, जिनका असर कैमरा बंद होने के बाद भी उनके मन में बना रहा। उन्होंने कहा, ''कुछ पल ऐसे थे, जो शूटिंग खत्म होने के बाद भी मेरे साथ रहे, क्योंकि हर भावना मुझे बहुत सच्ची लग रही थी। सेट पर बच्चों के साथ काम करना भी बहुत खास अनुभव है। उन्हें देखकर मुझे अपना बचपन याद आता है, उनकी मस्ती और मासूमियत बहुत प्यारी है।''

उन्होंने आगे कहा, ''आने वाला ट्रैक दर्शकों को सायली का एक बिल्कुल अलग रूप दिखाएगा। यह कहानी भावनाओं, संघर्ष और नए रिश्तों से जुड़ी होगी। मुझे उम्मीद है कि दर्शक सायली के इस नए सफर को भी उतना ही प्यार देंगे।''

'उड़ने की आशा' का प्रसारण स्टार प्लस पर किया जाता है और दर्शक इसे जियोहॉटस्टार पर भी देख सकते हैं।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   14 July 2026 5:25 PM IST

Tags

Next Story