एनएचएआई ने राजमार्ग यात्रा ऐप पर टोल प्लाजा फीडबैक सुविधा शुरू की
नई दिल्ली, 19 अक्टूबर (आईएएनएस)। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) ने राजमार्ग यात्रा मोबाइल ऐप पर 'टोल प्लाजा फीडबैक' सुविधा शुरू की है। इस ऐप के माध्यम से राष्ट्रीय राजमार्ग उपयोगकर्ता टोल प्लाजा पर अपने अनुभव साझा कर सकते हैं ताकि उनके उपयोगकर्ता अनुभव को बेहतर बनाया जा सके। सोमवार को जारी एक आधिकारिक बयान में यह जानकारी दी गई।
सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय के बयान में कहा गया कि इस पहल का उद्देश्य नागरिकों की भागीदारी को मजबूत करना और राष्ट्रीय राजमार्ग यात्राओं को सुरक्षित, सुगम और अधिक सुविधाजनक बनाने के प्रयासों का समर्थन करना है।
वार्षिक पास धारकों को राष्ट्रीय राजमार्ग टोल प्लाजा पार करते ही राजमार्ग यात्रा ऐप से एक सूचना प्राप्त होगी जिसमें उन्हें अपने टोल प्लाजा अनुभव साझा करने के लिए आमंत्रित किया जाएगा।
इसके अलावा, सभी उपयोगकर्ता अब एप्लिकेशन के मेनू सेक्शन में 'टोल प्लाजा फीडबैक' सुविधा का उपयोग करके किसी भी टोल प्लाजा पर अपनी प्रतिक्रिया दे सकते हैं। बयान में कहा गया है कि उपयोगकर्ता अपने अनुभव को एक पैमाने पर रेट कर सकते हैं और अपनी यात्रा से संबंधित विकल्पों का चयन करने के साथ-साथ अपनी टिप्पणी भी जोड़ सकते हैं।
यह सुविधा राष्ट्रीय राजमार्ग उपयोगकर्ताओं को अपने अनुभव साझा करने और ध्यान देने योग्य मुद्दों को उजागर करने का एक माध्यम प्रदान करती है। यह टोल प्लाजा सेवाओं में सुधार की आवश्यकता वाले क्षेत्रों की पहचान और निगरानी के लिए एनएचएआई के प्रयासों में भी सहयोग करेगी।
बयान में कहा गया कि एनएचएआई उपयोगकर्ताओं को टोल प्लाजा फीडबैक सुविधा का सक्रिय रूप से उपयोग करने और राजमार्गयात्रा ऐप के माध्यम से अपने अनुभव साझा करने के लिए प्रोत्साहित करता है। नागरिकों की भागीदारी से एनएचएआई को उपयोगकर्ताओं की चिंताओं को दूर करने और राष्ट्रीय राजमार्ग नेटवर्क के सभी टोल प्लाजों पर सेवा वितरण में सुधार लाने में मदद मिलेगी।
एनएचएआई ने इस महीने की शुरुआत में शौचालय ब्लॉकों और टोल संग्रह बूथों, आसपास के क्षेत्रों और साइनबोर्डों सहित अन्य सुविधाओं के उचित रखरखाव को सुनिश्चित करने के लिए एक सख्त निगरानी और प्रवर्तन तंत्र लागू किया था।
उपयोगकर्ता शुल्क संग्रह एजेंसियों को शौचालयों और अन्य सुविधाओं के लिए निर्धारित सेवा मानकों का पालन करना होगा, क्योंकि एनएचएआई अधिकारी इस नए तंत्र के तहत इन सुविधाओं का कम से कम सप्ताह में एक बार निरीक्षण करेंगे।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   19 Oct 2026 11:28 PM IST












