निनाद कामत ने 'जाने भी दो यारो' से की अपनी फिल्म 'कैंडी एंड द पिज्जा गर्ल' की तुलना, कहा-शैली को आगे ले जाने की कोशिश
मुंबई, 3 मई (आईएएनएस)। अनुभवी अभिनेता निनाद कामत ने अपनी नई ड्रामा फिल्म "कैंडी एंड द पिज्जा गर्ल" को लेकर आईएएनएस से खास बातचीत की। इंटरव्यू के दौरान उन्होंने कहा कि उनकी यह फिल्म भारतीय सिनेमा की मशहूर कल्ट क्लासिक फिल्म "जाने भी दो यारो" से प्रेरित है और उसी डार्क कॉमेडी जॉनर को आगे बढ़ाने की कोशिश करती है।
निनाद कामत ने कहा कि "जाने भी दो यारो" उनकी अब तक की सबसे पसंदीदा फिल्मों में से एक है। उनके मुताबिक, इस फिल्म ने कॉमेडी और गंभीर विषयों को जिस अनोखे अंदाज में मिलाया, वह आज भी बेमिसाल है। उन्होंने कहा कि यह फिल्म कई बातें बयां करती है। "आप एक लाश देख रहे हैं, लेकिन साथ ही साथ हंस भी रहे हैं।"
उन्होंने इस फिल्म से जुड़े कलाकारों की भी जमकर तारीफ की। खासकर दिवंगत अभिनेता सतीश शाह और बाकी कलाकारों, राइटिंग, डायरेक्शन और एडिटिंग टीम की मेहनत को उन्होंने शानदार बताया। निनाद का कहना है कि ऐसी फिल्में बहुत कम बनती हैं, जो दर्शकों को सोचने पर मजबूर भी करें और साथ ही हंसने पर भी।
अपनी नई फिल्म "कैंडी एंड द पिज्जा गर्ल" के बारे में बात करते हुए उन्होंने कहा कि यह फिल्म भी डार्क कॉमेडी के उसी रास्ते पर चलती है लेकिन इसका अंदाज और नजरिया बिल्कुल अलग है। उन्होंने कहा कि यह फिल्म उस जॉनर को एक नया टच देने की कोशिश है। निनाद ने यह भी कहा कि वह यह बात सिर्फ फिल्म में होने की वजह से नहीं कह रहे बल्कि एक दर्शक के तौर पर भी उनका यही नजरिया है।
उन्होंने फिल्म के डायरेक्टर अखिल कपूर की तारीफ करते हुए कहा कि उन्होंने पूरी ईमानदारी से अपने विजन को स्क्रीन पर उतारा है और कुछ नया करने की कोशिश की है। हालांकि, उन्होंने यह भी माना कि दर्शक इस फिल्म को कैसे लेते हैं, वह भी जरूरी है।
बता दें कि "कैंडी एंड द पिज्जा गर्ल" को प्रोडक्शन हाउस फुल मून स्टूडियोज ने बनाया है और इसका प्रीमियर 10 अप्रैल को प्राइम वीडियो पर रिलीज हो चुका है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   3 May 2026 10:42 AM IST












