तमिलनाडु अवाडी के पास मिनी बस पलटी, एक की मौत; 10 से अधिक घायल

तमिलनाडु अवाडी के पास मिनी बस पलटी, एक की मौत; 10 से अधिक घायल
तमिलनाडु के अवाडी के पास मंगलवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसे में 20 वर्षीय युवती की मौत हो गई, जबकि कम से कम 10 अन्य लोग घायल हो गए। श्रद्धालुओं से भरी एक मिनी बस केंद्रीय डिवाइडर से टकराने के बाद पलट गई।

चेन्नई, 24 फरवरी (आईएएनएस)। तमिलनाडु के अवाडी के पास मंगलवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसे में 20 वर्षीय युवती की मौत हो गई, जबकि कम से कम 10 अन्य लोग घायल हो गए। श्रद्धालुओं से भरी एक मिनी बस केंद्रीय डिवाइडर से टकराने के बाद पलट गई।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, सिरुवापुरी मुरुगन मंदिर के दर्शन के लिए कंदमंगलम गांव (जिला विल्लुपुरम जिला) से 25 से ज्यादा लोग निकले थे।

मिनी बस, जिसे मोहन (39) चला रहा था, चेन्नई-तिरुवल्लूर हाई रोड पर वेल्लानूर इलाके के पास पहुंची ही थी कि हादसा हो गया। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि चालक को झपकी आ गई थी, जिसके कारण वाहन अनियंत्रित होकर पहले सड़क के बीच बने छोटे पुलनुमा डिवाइडर से टकराया और फिर सड़क किनारे खाई में जा पलटा।

टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और कई यात्री अंदर फंस गए। हादसे में रेवक्का (20) को गंभीर चोटें आईं और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। अन्य घायलों को फ्रैक्चर और सिर में चोटें आई हैं।

सूचना मिलते ही 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंचीं और घायलों को तिरुवल्लूर सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया। अवाडी पुलिस और ट्रैफिक जांच शाखा के अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे तथा स्थानीय लोगों की मदद से राहत और बचाव कार्य चलाया।

पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और दुर्घटना के सटीक कारणों की जांच की जा रही है।

हाल के सप्ताहों में तमिलनाडु में सड़क हादसों की बढ़ती घटनाओं ने चिंता बढ़ा दी है। मदुरैई और सलेम सहित कई जिलों में राजमार्ग दुर्घटनाओं में कई लोगों की जान जा चुकी है।

राज्य परिवहन विभाग के आंकड़ों के अनुसार, ओवरस्पीडिंग और चालक की थकान देर रात और तड़के होने वाली दुर्घटनाओं के प्रमुख कारणों में शामिल हैं। प्रशासन ने लंबी दूरी और तीर्थ यात्रा करने वाले वाहन चालकों से यात्रा से पहले पर्याप्त आराम सुनिश्चित करने की अपील की है। साथ ही जागरूकता अभियान और सख्त प्रवर्तन कार्रवाई तेज की जा रही है, ताकि ऐसे रोके जा सकने वाले हादसों पर अंकुश लगाया जा सके।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   24 Feb 2026 5:14 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story