हैदराबाद में मेडिकल स्टोर्स पर बड़ी कार्रवाई, नशे की दवाओं की बिक्री रोकने को छापेमारी

हैदराबाद, 19 नवंबर (आईएएनएस)। तेलंगाना स्टैंडर्ड्स अथॉरिटी फॉर फूड एंड एसेंशियल ड्रग्स (टीजी सेफ) के ड्रग्स विंग ने ग्रेटर हैदराबाद में मेडिकल दुकानों पर छापेमारी की। इसका मकसद नशा पैदा करने वाली दवाओं की अवैध बिक्री और उनके गलत इस्तेमाल को रोकना, तथा एंटीबायोटिक्स की अंधाधुंध बिक्री पर लगाम लगाना था।
सीयूआरई क्षेत्र में चल रहे विशेष प्रवर्तन अभियान के तहत टीजी सेफ के ड्रग्स विंग ने पुलिस और आबकारी विभाग के अधिकारियों के साथ मिलकर छापे मारे।
ये छापे हैदराबाद के कोठी, आबिड्स, बशीरबाग, नामपल्ली, खैरताबाद, पंजागुट्टा, अमीरपेट, एसआर नगर, सनथनगर, येर्रागड्डा, यूसुफगुडा, मधुरानगर, जुबली हिल्स और बंजारा हिल्स जैसे संवेदनशील इलाकों की मेडिकल दुकानों पर मारे गए।
इसी तरह तेलंगाना के विभिन्न जिलों में भी ड्रग्स विंग ने प्रवर्तन अभियान के तहत छापेमारी की। संवेदनशील इलाकों में कई रिटेल मेडिकल दुकानों पर छापे मारे गए। इनका मुख्य उद्देश्य नशा पैदा करने वाली दवाओं (जैसे ट्रामाडोल, अल्प्राजोलम, नाइट्राजेपाम, कोडीन युक्त कफ सिरप, टैपेंटाडोल, प्रीगाबालिन युक्त दवाएं, जोलपिडेम आदि) की अवैध बिक्री और उनके गलत इस्तेमाल का पता लगाना था। साथ ही, एंटीबायोटिक्स की अंधाधुंध बिक्री पर भी नजर रखी गई।
टीजी सेफ ने एक बयान में बताया कि सीयूआरई क्षेत्र और तेलंगाना के अन्य जिलों में संवेदनशील इलाकों की 90 मेडिकल दुकानों में गड़बड़ियां पाई गईं। इन दुकानों को 'कारण बताओ नोटिस' जारी किए गए हैं, ताकि उनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जा सके। इसमें ड्रग लाइसेंस को सस्पेंड या रद्द करना भी शामिल हो सकता है।
इससे पहले, टीजी सेफ की ड्रग्स विंग ने भद्राद्री कोठागुडेम जिले के एर्राबोरु गांव में एक झोलाछाप डॉक्टर के क्लिनिक पर छापा मारा और वहां अवैध रूप से रखी गई दवाएं जब्त कीं।
अधिकारियों ने शेख मस्तान वली के क्लिनिक पर छापा मारा, जो बिना किसी उचित योग्यता के वहां मरीजों का इलाज कर रहा था। छापेमारी के दौरान, टीजी सेफ के अधिकारियों को वहां 34 तरह की दवाएं मिलीं, जिनमें एंटीबायोटिक्स, स्टेरॉयड, दर्द निवारक (एनाल्जेसिक) और अल्सर के इलाज में इस्तेमाल होने वाली दवाएं शामिल थीं। इन दवाओं को वहां अवैध रूप से रखा गया था। जब्त किए गए स्टॉक की कुल कीमत 42,000 रुपए है।
छापेमारी के दौरान टीजी सेफ के अधिकारियों को क्लिनिक में कई ‘एंटीबायोटिक्स’ मिलीं। अयोग्य लोगों द्वारा एंटीबायोटिक्स की अंधाधुंध बिक्री से लोगों की सेहत पर बहुत बुरा असर पड़ सकता है, जिसमें ‘एंटीमाइक्रोबियल रेजिस्टेंस’ (रोगाणुरोधी प्रतिरोध) का खतरा भी शामिल है।
अधिकारियों को झोलाछाप डॉक्टर के क्लिनिक में ‘स्टेरॉयड’ भी मिले। स्टेरॉयड का गलत इस्तेमाल सेहत के लिए गंभीर परिणाम पैदा कर सकता है, जैसे कि इम्यून सिस्टम का कमजोर होना, हार्मोनल असंतुलन, मांसपेशियों और हड्डियों का कमजोर होना, दिल से जुड़ी समस्याएं और मानसिक स्वास्थ्य पर बुरा असर पड़ना।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :  
