'सीन' से सूर्या के किरदार डीएसपी इनबराज का फर्स्ट लुक आउट, मेकर्स ने जारी किया वीडियो

सीन से सूर्या के किरदार डीएसपी इनबराज का फर्स्ट लुक आउट, मेकर्स ने जारी किया वीडियो
निर्देशक जीतु माधवन की बहुप्रतीक्षित फिल्म 'सीन' के निर्माताओं ने सोमवार को फिल्म में सूर्या द्वारा निभाए गए किरदार 'डीएसपी इनबराज' की एक झलक दिखाने वाला वीडियो जारी किया, जिसमें अभिनेता सूर्या मुख्य भूमिका में हैं।

चेन्नई, 26 अक्टूबर (आईएएनएस)। निर्देशक जीतु माधवन की बहुप्रतीक्षित फिल्म 'सीन' के निर्माताओं ने सोमवार को फिल्म में सूर्या द्वारा निभाए गए किरदार 'डीएसपी इनबराज' की एक झलक दिखाने वाला वीडियो जारी किया, जिसमें अभिनेता सूर्या मुख्य भूमिका में हैं।

सूर्या ने अपने एक्स टाइमलाइन पर 'डीएसपी इनबराज की झलक' वाला वीडियो शेयर करते हुए लिखा, "नमस्ते दोस्तों, प्यार के साथ, डीएसपी इनबराज।" यह फिल्म इस वर्ष दीपावली पर 6 नवंबर को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

इस झलक वीडियो में डीएसपी इनबराज (सूर्या) को एक क्राइम सीन पर पहुंचते हुए दिखाया गया है। वहां सिबी नाम का एक कॉन्स्टेबल उनका स्वागत करता है। इनबराज और सिबी के बीच बातचीत होती है, जिसमें सिबी उलझन में है कि वह इनबराज को "सर" कहे या "अन्ना"। आखिर में, इनबराज उसे "सर" ही कहने की सलाह देते हैं।

जब वे क्राइम सीन के बाहर जमा भीड़ के बीच से गुजरते हैं, तो इनबराज लोगों को "एक हाथ की दूरी" बनाए रखने के लिए कहकर उन्हें व्यवस्थित करते हैं।

वह सिबी से पूछते हैं कि कोविड के समय इतनी भीड़ क्यों जमा हो गई है। जब परेशान सिबी भीड़ को हटाने की बात कहता है, तो इनबराज उसे रोक देते हैं और कहते हैं कि भीड़ होगी, तभी तो रील्स देखने में मजा आएगा। वह सिबी से कहते हैं कि जो लोग अपने फोन से वीडियो बना रहे हैं, उन्हें वीडियो वर्टिकल (सीधे) तरीके से शूट करने के लिए कहें।

एक और दृश्य में इनबराज किसी को धूम्रपान न करने की सलाह देते हैं और चेतावनी देते हैं कि ऐसा करने से उनकी प्रजनन क्षमता पर असर पड़ सकता है, हालांकि इसी वीडियो में इनबराज खुद सिगरेट पीते हुए भी दिखाई देते हैं।

इस वीडियो से साफ पता चलता है कि सूर्या एक ऐसे पुलिसवाले का किरदार निभा रहे हैं, जो काफी चतुर है और आम पुलिसवालों से बिल्कुल अलग है।

फिल्म के मेकर्स पहले ही बता चुके हैं कि नस्लेन इसमें विलेन का किरदार निभा रहे हैं। वह 'ईश्वरन' नाम के एक पात्र की भूमिका में हैं। नस्लेन के किरदार को दिखाने के लिए जारी किए गए वीडियो से यह साफ हो गया है कि वह फिल्म में एक "चेहराहीन, भावनाहीन और क्रूर शिकारी" का रोल कर रहे हैं।

एक दृश्य में, ईश्वरन किसी से कहते हुए दिखाई देते हैं, "डरो मत। मैं तुम्हें मारूंगा नहीं।" "गाड़ी स्टार्ट करो।"

बता दें कि पिछले वर्ष दिसंबर में शहर में एक पारंपरिक पूजा के साथ इस फिल्म की शूटिंग शुरू हुई थी। झगरम स्टूडियोज द्वारा प्रोड्यूस की जा रही इस फिल्म को अब तक 'सूर्या 47' के नाम से जाना जा रहा था।

यह फिल्म इस वर्ष के सबसे बहुप्रतीक्षित प्रोजेक्ट्स में से एक है। जब से सूर्या और जितु माधवन के एक साथ काम करने की चर्चा शुरू हुई है, तब से ही फैंस और दर्शकों में इसे लेकर काफी उत्सुकता और उत्साह है।

फिल्म में अभिनेता सूर्या मुख्य भूमिका में हैं, जबकि नाजरिया नाजिम फीमेल लीड रोल निभा रही हैं। इनके अलावा, फिल्म में जॉन विजय और आनंदराज भी अहम किरदारों में नजर आएंगे।

विनीत ऑगस्टियन ने सिनेमैटोग्राफी की है, जबकि संगीत सुशिन श्याम ने दिया है। फिल्म का प्रोडक्शन डिजाइन अश्विनी काले ने किया है और एडिटिंग अजमल साबू ने की है। इस प्रोजेक्ट के स्टंट कोरियोग्राफर चेतन डी सूजी हैं, जिससे दर्शकों की उम्मीदें और भी बढ़ गई हैं।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :  

Tags

Next Story