सनसनीखेज वारदात: पारिवारिक विवाद में युवक की हत्या, धारदार हथियार से किया हमला - बहनोई गिरफ्तार

पारिवारिक विवाद में युवक की हत्या, धारदार हथियार से किया हमला - बहनोई गिरफ्तार
  • अस्पताल में मां और दादी की चीख-पुकार से माहौल गमगीन
  • अस्पताल में डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
  • धारदार हथियार से किया हमला, दादी भी घायल

डिजिटल डेस्क, जलगांव. शहर के छत्रपति शिवाजी महाराज परिसर में पारिवारिक विवाद के चलते धारदार हथियार से किए गए हमले में एक युवक की मौत हो गई। सोमवार दोपहर करीब 1 बजे हुई इस सनसनीखेज वारदात से इलाके में हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान सनी विनोद डोले (27), निवासी शिवाजीनगर के रूप में हुई है। घटना में उसकी दादी सुमनबाई तायडे भी घायल हुई हैं। पुलिस ने संदिग्ध आरोपी सूरज नारायण वानखेडे को गिरफ्तार कर लिया है।

बहनोई से हुआ था पारिवारिक विवाद

मिली जानकारी के अनुसार, सनी डोले और उसकी बहन के पति सूरज नारायण वानखेडे, निवासी कंडारी, तहसील भुसावल, के बीच पारिवारिक कारणों से विवाद हुआ था। देखते ही देखते विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि सूरज वानखेडे ने सनी पर धारदार हथियार से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

अस्पताल में डॉक्टरों ने मृत घोषित किया

हमले के बाद गंभीर रूप से घायल सनी को तत्काल जलगांव के जिला शासकीय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल ले जाया गया। हालांकि, जांच के बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। कम उम्र में सनी की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। पोते की मौत की खबर सुनकर उसकी मां और दादी अस्पताल में फूट-फूटकर रोने लगीं। उनकी चीख-पुकार से अस्पताल में मौजूद लोगों का दिल दहल गया।

आरोपी गिरफ्तार, मामला दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने कार्रवाई करते हुए संदिग्ध आरोपी सूरज वानखेडे को गिरफ्तार कर लिया। घटना में सनी की दादी सुमनबाई तायडे के हाथ में भी चोट आई है। मामले में जलगांव शहर पुलिस थाने में प्रकरण दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू थी। पारिवारिक विवाद में हुई इस हत्या से शहर में सनसनी फैल गई है।


Created On :  

Tags

Next Story