अद्भुत नजारा: आसमान में चांद और शुक्र की जुगलबंदी, देखते ही कुछ देर तक ठहर गईं नजरें और फिर चांद जा छुपा... बादल में!

आसमान में चांद और शुक्र की जुगलबंदी, देखते ही कुछ देर तक ठहर गईं नजरें और फिर चांद जा छुपा... बादल में!
  • शाम 6:50 बजे दिखा अद्भुत नजारा
  • आसमान में 20 मिनट दिखी चांद-शुक्र की जुगलबंदी
  • चांद के पास चमक रहा था ‘शाम का तारा’

डिजिटल डेस्क, जलगांव. आसमान में सोमवार शाम करीब 6:50 बजे ऐसा नजारा दिखाई दिया, जिसने लोगों को कुछ पल के लिए आसमान निहारने पर मजबूर कर दिया। नीले आसमान पर पतले अर्धचंद्र के ठीक पास एक बेहद चमकीला तारा नजर आया। दूर से देखने पर लगा मानो चांद के साथ कोई सितारा चल रहा हो।

‘आखिर माजरा क्या है?’ गूगल लेंस से जानने की कोशिश

इस अनोखे दृश्य को कैमरे में कैद करने वाले लोगों के मन में भी सवाल उठा कि आखिर माजरा क्या है? कई लोगों ने मोबाइल से तस्वीर खींची। जब Google Lens की मदद से इसकी पहचान जानने की कोशिश की। तब तस्वीर को गौर से देखने पर सामने आया कि चमकता हुआ बिंदु कोई सामान्य सितारा नहीं, बल्कि शुक्र ग्रह (Venus) है।


चांद के पास चमक रहा था ‘शाम का तारा’

खगोल विज्ञान में चांद और शुक्र का आसमान में एक-दूसरे के बेहद करीब नजर आना Moon-Venus Conjunction कहलाता है। शुक्र अपनी तेज चमक के कारण सूर्य और चांद के बाद आसमान में सबसे चमकीले पिंडों में शामिल है। यही वजह रही कि पतले अर्धचंद्र के साथ उसकी चमक ने शाम के आसमान की खूबसूरती कई गुना बढ़ा दी।

कैसी है यह घटना

जानकारों का कहना है कि चांद पृथ्वी का चक्कर लगाता है, जबकि शुक्र सूर्य की परिक्रमा करता है। दोनों की कक्षाएं और गति अलग-अलग हैं। लेकिन कभी-कभी पृथ्वी से देखने पर दोनों आकाश में एक ही दिशा में और बहुत पास-पास दिखाई देने लगते हैं। असल में वे एक-दूसरे के पास नहीं होते। उनके बीच करोड़ों किलोमीटर की दूरी हो सकती है। यह सिर्फ हमारी नजर से बना हुआ संयोग है।

शुक्र इतना चमकीला क्यों दिखता है?

शुक्र के घने बादल सूर्य की रोशनी को बहुत अच्छी तरह परावर्तित करते हैं। इसलिए वह रात के आकाश में चांद के बाद सबसे चमकीली प्राकृतिक वस्तुओं में दिखाई देता है। सूर्यास्त के बाद दिखाई देने पर इसे आम बोलचाल में ‘शाम का तारा’ कहा जाता है। जब उस समय चांद पतले अर्धचंद्र के रूप में हो, तो उसके पास चमकता शुक्र बेहद आकर्षक दिखाई देता है, ठीक वैसा ही नजारा जलगांव में कैद हुआ।

Created On :   14 Sept 2026 8:43 PM IST

Tags

Next Story