स्टेटस में लिखा था हैप्पी रक्षाबंधन ताई: परिजन से कहा - एक काम है, थोड़ी देर में आता हूं...फिर थम गई जिन्दगी, सुबह बहन ने राखी बांधी और दोपहर में भाई ने दे दी जान

परिजन से कहा - एक काम है, थोड़ी देर में आता हूं...फिर थम गई जिन्दगी, सुबह बहन ने राखी बांधी और दोपहर में भाई ने दे दी जान
  • 18 वर्षीय रोहित ने घर में उठाया आत्मघाती कदम, दशरथ नगर में पसरा मातम
  • मां को बस स्टैंड छोड़कर पिता के साथ गया था बुआ के घर, फिर ‘एक काम है’ कहकर लौटा
  • कलाई पर बंधी राखी और मोबाइल पर ‘हैप्पी रक्षाबंधन ताई’ स्टेटस ने परिजनों को झकझोर दिया

Jalgaon News. काबिज शेख। रक्षाबंधन का दिन... घर में सुबह से ही खुशियों का माहौल था। बहन ने अपने भाई की कलाई पर राखी बांधी । भाई ने भी बहन के साथ इस रिश्ते की खुशियां साझा की थीं। किसी ने सपने में भी नहीं सोचा था कि कुछ ही घंटों बाद यही राखी पूरे परिवार के लिए जिंदगी भर का दर्द बन जाएगी। दशरथ नगर, आसोदा रोड इलाके में शुक्रवार को ऐसी ही दर्दनाक घटना सामने आई। 18 वर्षीय रोहित साहेबराव धनगर ने अपने घर में आत्मघाती कदम उठा लिया। सुबह जिस कलाई पर बहन ने भाई की लंबी उम्र और खुशहाल जीवन की कामना करते हुए राखी बांधी थी, दोपहर बाद उसी राखी के साथ रोहित का शव अस्पताल पहुंचा। यह देखकर हर किसी का कलेजा फट पड़ा।

परिवार के साथ बिताए पल

रक्षाबंधन के अवसर पर रोहित ने अपनी छोटी बहन से उत्साह के साथ राखी बंधवाई। घर में त्योहार की खुशियां थीं। इसके बाद वह अपनी मां को मामा के गांव जाने के लिए नए बस स्टैंड तक छोड़ने गया। वहां से लौटने के बाद वह अपने पिता के साथ मेहरूण इलाके में अपनी बुआ के घर भी गया। सब कुछ सामान्य नजर आ रहा था। लेकिन किसी को क्या पता था कि रोहित के मन में कुछ और ही चल रहा है।

‘एक काम है, थोड़ी देर में आता हूं’... और फिर

जिन्दगी थम गई...!

दोपहर करीब 2 बजे रोहित ने अपने परिजनों से कहा कि “मेरा एक काम है, मैं थोड़ी देर में आता हूं।” इतना कहकर वह दशरथ नगर स्थित अपने घर लौट आया। उस समय घर में कोई नहीं था। कुछ देर बाद जब परिजनों को घटना की जानकारी मिली तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। आनन-फानन में रोहित को शासकीय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

रोहित के मोबाइल पर रक्षाबंधन से जुड़ा “हैप्पी रक्षाबंधन ताई” स्टेटस भी लगा हुआ था। अस्पताल में जब परिजनों ने उसकी कलाई पर सुबह बांधी गई राखी देखी तो उनका रो-रोकर बुरा हाल हो गया। कुछ घंटे पहले जिस भाई की कलाई पर बहन ने राखी बांधकर उसकी सलामती की दुआ की थी, वही भाई अब उनके बीच नहीं था।

ऑनलाइन गेम के लेन-देन से परेशान था रोहित?

घटना की सूचना मिलते ही शनीपेठ पुलिस थाने की टीम मौके पर पहुंची और पंचनामा किया। पुलिस की प्राथमिक जांच में सामने आया है कि रोहित को मोबाइल पर ऑनलाइन गेम खेलने की आदत थी। गेम से जुड़े आर्थिक लेन-देन को लेकर वह काफी परेशान और निराश था। इसी वजह से उसने यह कदम उठाया होने का प्राथमिक अनुमान पुलिस ने जताया है। हालांकि, घटना की वास्तविक वजह क्या थी, इसका खुलासा पुलिस की विस्तृत जांच के बाद ही हो सकेगा। शनीपेठ पुलिस मामले की जांच कर रही है।

जिंदगी भर की टीस

रक्षाबंधन की सुबह जिस घर में भाई-बहन के पवित्र रिश्ते की खुशियां थीं, उसी घर में दोपहर तक मातम छा गया। एक राखी, जो भाई की लंबी उम्र की दुआ लेकर बांधी गई थी, परिवार के लिए जिंदगी भर की टीस बन गई।

Created On :   28 Aug 2026 9:48 PM IST

Tags

Next Story