- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- जलगांव
- /
- जलगांव - मुमराबाद रोड पर दर्दनाक...
आगजनी: जलगांव - मुमराबाद रोड पर दर्दनाक हादसा - 10 वर्षीय कावड़ यात्री की मौत, गुस्साई भीड़ ने ट्रक फूंका

Jalgaon News. जलगांव-मुमराबाद रोड पर सोमवार शाम कावड़ यात्रा के दौरान दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। 10 वर्षीय कावड़ यात्री प्रबल राजू गवली की आयशर ट्रक की चपेट में आने से मौत हो गई। हादसे के बाद आक्रोशित भीड़ ने ट्रक चालक की पिटाई कर दी और ट्रक को आग के हवाले कर दिया। चालक गंभीर रूप से घायल बताया जा रहा है। घटना के बाद करीब दो घंटे तक सड़क पर तनाव और जाम की स्थिति बनी रही।
कावड़ यात्रा में पीछे से ट्रक ने मारी टक्कर, मासूम की मौके पर मौत
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जलगांव से चोपड़ा की ओर जा रहे आयशर ट्रक ने कावड़ यात्रा के जत्थे में शामिल 10 वर्षीय प्रबल राजू गवली को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि प्रबल की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में कावड़ यात्री और ग्रामीण घटनास्थल पर जमा हो गए।
आक्रोशित भीड़ ने चालक को पीटा, ट्रक को किया आग के हवाले
मासूम की मौत से गुस्साई भीड़ ने ट्रक चालक को पकड़ लिया और उसकी पिटाई कर दी। मारपीट में चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। इसके बाद आक्रोशित लोगों ने ट्रक को बीच सड़क पर आग लगा दी। देखते ही देखते ट्रक धू-धूकर जलने लगा। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव की स्थिति पैदा हो गई।
शव सड़क पर रखकर दो घंटे तक रास्ता बंद, पुलिस का भारी बंदोबस्त
आक्रोशित लोगों ने प्रबल के शव को सड़क पर रखकर जलगांव-मुमराबाद रोड के दोनों ओर यातायात रोक दिया। करीब दो घंटे तक मार्ग पर जाम की स्थिति बनी रही। प्रदर्शन कर रहे लोगों ने आरोपी चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और न्याय की मांग की। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस के साथ वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाकर कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद भीड़ शांत हुई। गंभीर घायल चालक को उपचार के लिए और मृतक प्रबल के शव को जलगांव सिविल अस्पताल भेजा गया। फिलहाल घटनास्थल पर भारी पुलिस बंदोबस्त तैनात है।
Created On :   24 Aug 2026 8:33 PM IST












