सुरक्षा!: वाटर पार्क के पास युवक का शव मिलने से सनसनी, हत्याओं के सिलसिले से पुलिस प्रशासन पर सवाल

वाटर पार्क के पास युवक का शव मिलने से सनसनी, हत्याओं के सिलसिले से पुलिस प्रशासन पर सवाल
  • भुसावल में बढ़ते अपराधों से नागरिकों में दहशत
  • पुलिस अधीक्षक से कार्रवाई की मांग

डिजिटल डेस्क, जलगांव. भुसावल के वरणगांव रोड स्थित वाटर पार्क के पास गुरुवार सुबह 21 वर्षीय युवक का संदिग्ध हालत में शव मिला। जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। मृतक की पहचान भूषण उल्हास वावले (उम्र 21, निवासी - गोपाल नगर, हिंदी हाईस्कूल के पीछे, भुसावल के रूप में हुई है।

सिर पर गंभीर चोट, हत्या की आशंका

प्राथमिक जानकारी के अनुसार मृतक के सिर के पिछले हिस्से पर गंभीर चोट के गहरे निशान पाए गए हैं। प्रथम दृष्टया यह मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि पुलिस ने अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। चोट किन परिस्थितियों में लगी और घटना के पीछे क्या कारण है, यह पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा।

घटना की जानकारी मिलते ही बाजारपेठ पुलिस थाने की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल को सील किया और फॉरेंसिक टीम को बुलाया गया। फॉरेंसिक एक्सपर्ट्स ने मौके से जरूरी साक्ष्य एकत्र किए हैं। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

भुसावल में बढ़ते अपराधों से नागरिकों में दहशत

इस घटना के बाद भुसावल शहर में एक बार फिर कानून-व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। पिछले कुछ महीनों में शहर में हत्या और मारपीट की घटनाओं में लगातार इजाफा हुआ है। स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि अपराधियों में पुलिस का खौफ खत्म हो गया है।

हर हफ्ते किसी न किसी गंभीर अपराध की खबर सामने आने से आम नागरिक खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। लोगों में चर्चा है कि भुसावल में खुलेआम अपराध का सिलसिला जारी है और पुलिस प्रशासन इसे रोकने में नाकाम साबित हो रहा है।

पुलिस अधीक्षक से कार्रवाई की मांग

बढ़ती आपराधिक घटनाओं को देखते हुए शहर के जागरूक नागरिकों और सामाजिक संगठनों ने जलगांव जिला पुलिस अधीक्षक से मांग की है कि वे इस मामले में व्यक्तिगत रूप से ध्यान दें। भुसावल शहर में बढ़ते अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए विशेष अभियान चलाया जाए और रात्रि गश्त बढ़ाई जाए। मृतक के परिजनों ने भी न्याय की गुहार लगाई है और दोषियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है। फिलहाल बाजारपेठ पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।

Created On :   8 Oct 2026 6:47 PM IST

Next Story