दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति ली जे म्युंग की भारत यात्रा सफल, वियतनाम दौरे के ल‍िए रवाना हुए

दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति ली जे म्युंग की भारत यात्रा सफल, वियतनाम दौरे के ल‍िए रवाना हुए
दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति ली जे म्युंग ने मंगलवार को भारत की अपनी तीन दिन की राजकीय यात्रा खत्म की और अब वे वियतनाम के लिए रवाना हो गए।

नई दिल्ली, 21 अप्रैल (आईएएनएस)। दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति ली जे म्युंग ने मंगलवार को भारत की अपनी तीन दिन की राजकीय यात्रा खत्म की और अब वे वियतनाम के लिए रवाना हो गए।

विदेश मंत्रालय (एमईए) के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने बताया कि राष्ट्रपति ली की भारत यात्रा से प्रमुख क्षेत्रों में ठोस परिणाम मिले और इसने एक भविष्य-उन्मुखी एजेंडे के साथ द्विपक्षीय साझेदारी को और अधिक मजबूत आधार प्रदान किया।

रणधीर जायसवाल ने सोशल मीड‍िया प्‍लेटफॉर्म 'एक्‍स' पर पोस्ट कर लिखा, ''यह एक सफल यात्रा संपन्न हुई। राष्ट्रपति ली जे म्युंग भारत से रवाना हो गए हैं। उन्हें सड़क, परिवहन और राजमार्ग तथा कॉर्पोरेट मामलों के राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा ​​ने विदाई दी। इस यात्रा से प्रमुख क्षेत्रों में ठोस परिणाम मिले और इसने एक भविष्य-उन्मुखी एजेंडे के साथ भारत-दक्षिण कोरिया साझेदारी को और अधिक मजबूत आधार प्रदान किया।"

अब राष्ट्रपति ली बुधवार को हनोई में वियतनाम के राष्ट्रपति तो लाम से मुलाकात करेंगे। दोनों नेता इससे पहले अगस्त में भी मिले थे, जब तो लाम दक्षिण कोरिया की यात्रा पर गए थे।

ली गुरुवार को वियतनाम के प्रधानमंत्री ले मिन्ह हुंग और नेशनल असेंबली के चेयरमैन ट्रान थान मान से भी मिलेंगे। इसके अलावा वे एक बिजनेस फोरम में हिस्सा लेंगे, जहां दोनों देशों के बीच आर्थिक सहयोग बढ़ाने के तरीकों पर चर्चा होगी। इसके बाद वे शुक्रवार को दक्षिण कोरिया लौट जाएंगे।

इससे पहले राष्ट्रपति ली ने कहा कि भारत और दक्षिण कोरिया अब 'मजबूत साझेदार' के रूप में आगे बढ़ेंगे और मिलकर एक-दूसरे का भविष्य बनाएंगे।

उन्होंने भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु की जिंदगी से प्रभावित होने की बात भी कही। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति मुर्मु ने कई सामाजिक और व्यक्तिगत मुश्किलों को पार करते हुए समाज और खासकर कमजोर वर्गों के लिए काम किया है।

ली ने सोशल मीड‍िया प्‍लेटफॉर्म 'एक्‍स' पर पोस्ट कर लिखा, “मैं राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु की ओर से दिए गए भोज में शामिल हुआ। उनकी जिंदगी से मैं बहुत प्रभावित हुआ। आज भारत का जो आत्मविश्वास दिखता है, वह उनके साहस और सोच से आता है।”

उन्होंने आगे कहा, “भारत और दक्षिण कोरिया के बीच संभावनाएं बहुत ज्यादा हैं। अब हम राजनीति और अर्थव्यवस्था से आगे बढ़कर एक मजबूत साझेदारी की ओर बढ़ेंगे। मैं भारत की जनता और राष्ट्रपति मुर्मु के गर्मजोशी भरे स्वागत के लिए दिल से धन्यवाद देता हूं।”

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   21 April 2026 6:26 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story