एआईएडीएमके सत्ता में आई तो तमिलनाडु को भाजपा को सौंप देगी सीएम स्टालिन

एआईएडीएमके सत्ता में आई तो तमिलनाडु को भाजपा को सौंप देगी  सीएम स्टालिन
तमिलनाडु में चुनावी माहौल के बीच मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने बुधवार को विपक्षी दल एआईएडीएमके पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि अगर पलानीस्वामी की सरकार बनी, तो वह राज्य को भाजपा के हाथों गिरवी रख देंगे।

तिरुचिरापल्ली, 1 अप्रैल (आईएएनएस)। तमिलनाडु में चुनावी माहौल के बीच मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने बुधवार को विपक्षी दल एआईएडीएमके पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि अगर पलानीस्वामी की सरकार बनी, तो वह राज्य को भाजपा के हाथों गिरवी रख देंगे।

तिरुचिरापल्ली में एक जनसभा को संबोधित करते हुए स्टालिन ने सेक्युलर प्रोग्रेसिव अलायंस (एसपीएम) के उम्मीदवारों के लिए प्रचार किया। उन्होंने नौ विधानसभा सीटों पर जनता से डीएमके गठबंधन को 100 प्रतिशत जीत दिलाने की अपील की।

सीएम स्टालिन ने इस चुनाव को तमिलनाडु की राजनीतिक पहचान और शासन व्यवस्था को बचाने की निर्णायक लड़ाई बताया। उन्होंने कहा कि 2021 के विधानसभा चुनाव में जनता ने डीएमके पर भरोसा जताया था, जिसके बाद 'द्रविड़ मॉडल' की सरकार बनी। उनके अनुसार, इस सरकार ने अपने अधिकतर वादे पूरे किए हैं और राज्य में सामाजिक सौहार्द बनाए रखा है।

उन्होंने भाजपा शासित राज्यों से तुलना करते हुए दावा किया कि तमिलनाडु जाति और धर्म के आधार पर होने वाले टकराव से मुक्त रहा है। सीएम स्टालिन ने आरोप लगाया कि भाजपा राज्य में धार्मिक आधार पर विभाजन पैदा करने की कोशिश कर रही है और इसमें पलानीस्वामी उनकी मदद कर रहे हैं।

मुख्यमंत्री स्टालिन ने कहा, "अगर भाजपा यहां अकेले चुनाव लड़े, तो उसे 'नोटा' से भी कम वोट मिलेंगे। यही वजह है कि वह एआईएडीएमके पर निर्भर है।

उन्होंने आरोप लगाया कि एआईएडीएमके भाजपा के प्रभाव में काम कर रही है। मदुरै में एनडीए की एक बैठक का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि वहां द्रविड़ आंदोलन के प्रमुख नेता पेरियार ईवी रामासामी की तस्वीर हटाई गई थी। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या पूर्व नेता एमजीआर और जे. जयललिता ऐसा होने देते।

सीएम स्टालिन ने पलानीस्वामी के नेतृत्व पर भी सवाल खड़े किए और कहा कि गठबंधन में अहम फैसले नई दिल्ली से लिए जा रहे हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बयानों का जिक्र करते हुए कहा कि एनडीए सरकार की बात तो की जा रही है, लेकिन पलानीस्वामी को मुख्यमंत्री पद का चेहरा स्पष्ट रूप से घोषित नहीं किया गया है।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   1 April 2026 3:45 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story