'पेंटहाउस के प्रधानमंत्री' बने तेज प्रताप यादव, 'राइज एंड फॉल 2' में बदलते दिखे गेम के समीकरण
मुंबई, 30 सितंबर (आईएएनएस)। राजनीति के मैदान के बाद अब तेज प्रताप यादव रियलिटी शो 'राइज एंड फॉल सीजन 2' में अपना गेम खेलते नजर आ रहे हैं। शो में तेज प्रताप कभी हाथ में बांसुरी लिए दिखाई देते हैं, तो कभी रेड रूम में डांस करते हुए माहौल को मजेदार बनाते हैं। वहीं, गेम के दौरान उनके फैसले भी लगातार चर्चा में हैं।
वह अपने साथी कंटेस्टेंट्स मनीष कश्यप और काजल राघवानी का साथ देते नजर आए, लेकिन प्रियंका चाहर चौधरी के एक सवाल ने उन्हें अपने फैसले पर दोबारा सोचने के लिए मजबूर कर दिया।
प्रियंका ने जब तेज प्रताप से मनीष कश्यप को सपोर्ट करने की वजह पर सवाल किया, तो तेज प्रताप को मनीष की पुरानी बात याद आ गई। उन्होंने कहा, ''बिहार में मेरे भाई के खिलाफ बोलता है।''
'असली या नकली' चैलेंज के दौरान तेज प्रताप को प्रियंका को रेस से बाहर करने का मौका मिला और उन्होंने ऐसा किया। इसके बाद चैलेंज के फाइनल राउंड में उनका मुकाबला इरीना रुदाकोवा से हुआ। पेट्रोल चैलेंज में भी तेज प्रताप ने 6 लीटर असली पेट्रोल हासिल किया और इरीना को पीछे छोड़ते हुए वह 'राइज एंड फॉल सीजन 2' के पहले 'अल्टीमेट रूलर' बने।
शो में सफर के बारे में बात करते हुए तेज प्रताप ने अपने अंदाज में कहा, ''इस पेंटहाउस का प्रधानमंत्री बन गया हूं।''
अब आने वाले एपिसोड में तेज प्रताप अपने गेम को किस तरह आगे बढ़ाते हैं और बदलते समीकरणों के बीच किन कंटेस्टेंट्स का साथ देते हैं, यह देखना दिलचस्प होगा।
'राइज एंड फॉल सीजन 2' में टावर में रूलर गेम को कंट्रोल करते हैं, जबकि वर्कर्स अपनी स्थिति बदलकर ऊपर आने की कोशिश करते हैं।
'राइज एंड फॉल' का दूसरा सीजन 26 सितंबर से स्ट्रीम हो रहा है और इस सीजन को पूर्व क्रिकेटर वीरेंद्र सहवाग होस्ट कर रहे हैं।
'राइज एंड फॉल सीजन 2' प्राइम वीडियो और एमएक्स प्लेयर पर उपलब्ध है। नए एपिसोड रोजाना दोपहर 12 बजे स्ट्रीम किए जा रहे हैं।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   30 Sept 2026 5:52 PM IST












