रीवा न्यूज: आधा दर्जन शैक्षणिक संस्थाओं के आसपास गंदगी का आलम.

आधा दर्जन शैक्षणिक संस्थाओं के आसपास गंदगी का आलम.
कचरे का नहीं होता उठाव

डिजिटल डेस्क रीवा।शहर के घोघर क्षेत्र में शैक्षणिक संस्थाओं, सरकारी स्कूलों और छात्रावासों के आसपास कूड़े का ढेर और अव्यवस्था एक गंभीर समस्या बनी हुई है। इस कचरे और गंदगी के कारण न सिर्फ छात्रों के स्वास्थ्य पर विपरीत असर पड़ रहा है, बल्कि क्षेत्र में संक्रामक बीमारियों और मच्छरों का प्रकोप भी बढ़ रहा है। हाल ही में घोघर क्षेत्र के खाली पड़े प्लॉटों में कचरे के ढेरों में आग लगने जैसी लापरवाही और जलभराव के दौरान इस कचरे से नालियां चोक होने की घटनाएं भी सामने आई हैं। इसके बावजूद नगर निगम प्रशासन की ओर से कोई ठोस व्यवस्था नहीं बनाई जा रही है। इसका खामी आज यहां संचालित आधा दर्जन शैक्षणिक संस्थाओं के बच्चों को भुगतना पड़ रहा है।

समय पर नहीं किया जाता कचरा उठाव

क्षेत्रीय लोगों ने बताया कि यहां स्कूल भवन के पीछे साइड में कचरे का ढेर लगा रहता है नगर निगम की सफाई कर्मी कचरे को उठाने में उदासीन रहते हैं। बताया गया है कि जब भी बारिश होती है तो यह कचरा सड़कर बदबू फैलता है जिसकी दुर्गंध शैक्षणिक संस्थानों तक जाती है और इससे बच्चे प्रभावित होते हैं। इतना ही नहीं बरसात के दौरान कचरे का गंदा पानी मुख्य मार्ग तक पहुंच जाता है आने जाने वाले लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।

यह संचालित हो रहे शैक्षणिक संस्थान

बताया गया है कि यहां पर शासकीय उच्चतर माध्यमिक बालक स्कूल बीआरसी कार्यालय विकलांग बालिका छात्रावास आंगनबाड़ी केंद्र तथा पुराना ब्लॉक शिक्षा अधिकारी कार्यालय संचालित हो रहे हैं। यहां पर रह रहे कर्मचारियों और स्कूली बच्चों को इस गंदगी का सामना करना पड़ रहा है। इसके बावजूद नगर निगम का सफाई अमला ध्यान नहीं दे रहा।


Created On :   30 Sept 2026 5:36 PM IST

Tags

Next Story