- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- रीवा
- /
- जिले में चंदन चोर गिरोह गिरफ्तार,...
Rewa News: जिले में चंदन चोर गिरोह गिरफ्तार, 57 किलो लकड़ी बरामद

डिजिटल डेस्क,रीवा। जिले में चंदन चोरी की बढ़ती घटनाओं के बीच पुलिस ने मंडला और दमोह जिले के रहने वाले आरोपियों को पकड़ा है। अमहिया थाना क्षेत्र अंतर्गत सिविल लाइन कॉलोनी से चंदन के पेड़ काटे जाने के मामले में 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर 57 किलो लकड़ी बरामद की है।
एडिशनल एसपी भावना मरावी ने बताया कि आरोपियों में जशरथ पारदी पिता रतनलाल 35 वर्ष निवासी देवरी जिला मंडला, तलकर आदिवासी पिता मुकेश 35 वर्ष निवासी देवरी जिला मंडला, स्वागत आदिवासी पिता पारस 20 वर्ष निवासी देवरी जिला मंडला एवं मंगरू पावर पिता पंसारी 22 वर्ष निवासी सागौनी जिला दमोह शामिल हैं। चंदन की जब्त लकड़ी की कीमत 5 लाख 70 हजार रुपए है। आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त आरी, चाकू और कुल्हाड़ी बरामद की गई है।
दिन में करते थे रेकी
पुलिस के मुताबिक, पकड़े गए आरोपी शहरी क्षेत्र में झुग्गियां बनाकर रह रहे थे। जो दिन में रेकी कर यह जानकारी जुटाते थे कि चंदन के पेड़ कहां लगे हैं। रात में मौका मिलते ही चंदन के पेड़ काटकर लकड़ी चोरी कर लेते थे।
गड्ढे में छिपा देते थे लकड़ी
चंदन की लकड़ी चोरी करने के बाद इसे गड्ढे में छिपा देते थे। पुलिस आरोपियों से चंदन चोरी की अन्य घटनाओं के बारे में भी जानकारी जुटा रही है। यह भी पता कर रही है कि चंदन चोरी के बाद ये लोग इसे कहां भेजते थे।
टीम में ये रहे शामिल
एएसपी ने बताया कि इस गिरोह को पकड़ने में अमहिया थाना प्रभारी मनोज गौतम, चोरहटा थाना प्रभारी पवन शुक्ला, साइबर एक्सपर्ट गौरव मिश्रा, नौबस्ता पुलिस चौकी प्रभारी घनश्याम मिश्रा, प्रधान आरक्षक कृष्णकांत नामदेव, रामदेव मिश्रा, आरक्षक आशीष पांडेय, विकास तिवारी, शंकरदत्त जायसवाल, देशराज सिंह, अनूप त्रिपाठी, अरुणेन्द्र सिंह, अनंत, योगेश सिंह की सराहनीय भूमिका रही है।
Created On :   29 Sept 2026 9:35 PM IST












