- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- रीवा
- /
- नदी में डूबे युवक की चौथे दिन मिली...
Rewa News: नदी में डूबे युवक की चौथे दिन मिली लाश, शव ले जाने नप ने भेज दी कचरा गाड़ी

डिजिटल डेस्क,सतना। उचेहरा थाना अंतर्गत बरुआ नदी में तैरते समय लापता हुए 47 वर्षीय अजय शुक्ला पुत्र स्वर्गीय जानकी प्रसाद, निवासी वार्ड क्रमांक-6 उचेहरा की लाश चौथे दिन घटनास्थल से लगभग एक किलोमीटर की दूरी पर बड़ी पुल के पास एक पेड़ की जड़ में फंसी मिली, जिसे कब्जे में लेते हुए पुलिस ने पोस्टमार्टम कराया और परिजनों के सुपुर्द कर दिया। गौरतलब है कि बीते 26 सितंबर को अजय और उनका दोस्त राहुल ताम्रकार सन्यासी टोला घाट से बरुआ नदी में नहाने के लिए उतरे थे, लेकिन कुछ दूर तक तैरने के बाद अजय लापता हो गए, तभी पुलिस और एसडीआरएफ के जवान उनकी तलाश कर रहे थे।
परिषद के पास नहीं हैं गाड़ी
इस पूरे घटनाक्रम का सबसे शर्मनाक पहलू तब सामने आया, जब गोताखोरों ने मृतक का शव नदी से बाहर निकालकर किनारे पर रखा, मगर मौके पर कोई शव वाहन मौजूद नहीं था। नगर परिषद की तरफ से कोई सुविधा उपलब्ध नहीं कराई गई। ऐसे में जब पुलिसकर्मियों ने जिम्मेदार अधिकारियों से संपर्क किया, तब नप के लोगों ने कचरा उठाने वाली गाड़ी भेज दी।
आखिर में इसी कचरा वाहन में शव रखकर मरचुरी भेजा गया, जिसके फोटो-वीडियो सामने आए हैं। आरोप है कि लंबे समय से उचेहरा में शव वाहन उपलब्ध नहीं हैं, जिसको लेकर सभी जिम्मेदार विभागों को अवगत कराया जा चुका है, मगर किसी ने भी ठोस कदम नहीं उठाया। पोस्टमार्टम के बाद भी परिजन किसी तरह निजी खर्चे पर वाहन का इंतजाम कर अंतिम संस्कार के लिए मृतक का शव प्रयागराज ले गए।
Created On :   29 Sept 2026 8:58 PM IST












