- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- रीवा
- /
- पं. दीनदयाल उपाध्याय की मनाई गई...
रीवा न्यूज: पं. दीनदयाल उपाध्याय की मनाई गई जयंती, राष्ट्रसेवा का लिया संकल्प

डिजिटल डेस्क रीवा।
पं.दीनदयाल उपाध्याय की जयंती के अवसर पर शासकीय महाविद्यालय रायपुर कर्चुलियान में मध्य प्रदेश जन अभियान परिषद के तत्वावधान में कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पं.दीनदयाल के जीवन, चिंतन, एकात्म मानववाद और अंत्योदय के सिद्धांतों पर विस्तार से चर्चा करते हुए उनके आदर्शों को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का संकल्प लिया गया। मुख्य वक्ता अधिवक्ता योगेंद्र शुक्ला ने कहा कि पं.दीनदयाल केवल एक राजनीतिक चिंतक नहीं, बल्कि राष्ट्र और समाज के प्रति समर्पित ऐसे राष्ट्रनायक थे, जिन्होंने अपने संपूर्ण जीवन को राष्ट्रसेवा के लिए समर्पित किया। उन्होंने कहा कि पं.दीनदयाल का एकात्म मानववाद और अंत्योदय का दर्शन समाज के अंतिम व्यक्ति के जीवन में सम्मान, अवसर और खुशहाली सुनिश्चित करने की प्रेरणा देता है। विधायक प्रतिनिधि अनिल सिंह ने कहा कि पं.दीनदयाल के विचार आज भी समाज और राष्ट्र के लिए मार्गदर्शक हैं।
मप्र जन अभियान परिषद के जिला समन्वयक जागेश्वर ताम्रकार ने कहा कि पं.दीनदयाल का जीवन त्याग, तपस्या और राष्ट्रनिष्ठा का अनुपम उदाहरण है। उनके विचारों को जन-जन तक पहुंचाना और उनके बताए मार्ग पर चलते हुए समाजसेवा को आगे बढ़ाना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। सामाजिक कार्यकर्ता कृष्णकांत शुक्ला ने संस्कृत भाषा में अपने विचार रखते हुए पं.दीनदयाल को राष्ट्र के महान ऋषियों की परंपरा का प्रतिनिधि बताया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जन अभियान परिषद की विकासखंड समन्वयक ने की। कार्यक्रम का संचालन संकर्षण द्विवेदी एड. ने किया। इस अवसर पर परामर्शदाता महेंद्र कुमार श्रीवास्तव, शौरव पांडेय, बालेंद्र पांडेय, शिवानी पांडेय, विकास साहू, ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति पहाड़िया के अध्यक्ष संदीप सिंह, अध्यक्ष शिवकली साकेत सहित समिति के पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में बीएसडब्ल्यू एवं एमएसडब्ल्यू के छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम का आभार वरिष्ठ समाजसेवी जयप्रकाश नारायण मिश्रा ने व्यक्त किया।
Created On :   27 Sept 2026 6:59 PM IST












