- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- रीवा
- /
- जैन समाज ने मनाया क्षमावाणी पर्व,...
रीवा न्यूज: जैन समाज ने मनाया क्षमावाणी पर्व, निकाला भव्य जुलूस

डिजिटल डेस्क रीवा।
शहर में जैन समाज द्वारा क्षमावाणी पर्व श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। दशलक्षण महापर्व के समापन के बाद मनाए जाने वाले इस पर्व पर समाज के लोगों ने एक-दूसरे से क्षमा याचना कर आपसी प्रेम, भाईचारे और सद्भाव का संदेश दिया। इसी कड़ी में शहर के कटरा जैन मंदिर से भव्य जुलूस निकाला गया, जो फोर्ट रोड स्थित जैन मंदिर पहुंचा।फोर्ट रोड जैन मंदिर में समाज के लोगों ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। इसके बाद जुलूस फोर्ट रोड से आगे बढ़ा और सिंधी चौराहा, स्टैचू चौराहा, प्रकाश चौराहा और अस्पताल चौराहा होते हुए वापस कटरा जैन मंदिर पहुंचा। जुलूस में जैन समाज के लोगों का उत्साह देखते ही बना। श्रद्धालुओं ने धार्मिक भावनाओं के साथ क्षमावाणी पर्व मनाते हुए अहिंसा, संयम, क्षमा और भाईचारे का संदेश दिया।समाज के लोगों ने बताया कि जैन धर्म में क्षमावाणी पर्व का विशेष महत्व है। इस दिन लोग मन, वचन और कर्म से जाने-अनजाने में हुई गलतियों के लिए एक-दूसरे से क्षमा मांगते हैं और कहते हैं—“मिच्छामि दुक्कड़म्।”यानी, मेरे द्वारा मन, वचन या कर्म से जाने-अनजाने में आपको कोई ठेस पहुंची हो तो मैं क्षमा चाहता हूं। इस भव्य जुलूस में मुनि श्री 108 वांस सागर जी महाराज और मुनि श्री 108 अतुल सागर जी महाराज भी शामिल रहे। कटरा जैन मंदिर पहुंचने के साथ ही धार्मिक श्रद्धा और उत्साह के बीच जुलूस का समापन किया गया।
Created On :   27 Sept 2026 4:36 PM IST












