रांची के चुरनी फॉल में घूमने गई युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, साथी युवक हिरासत में
रांची, 30 सितंबर (आईएएनएस)। रांची के अनगड़ा थाना क्षेत्र स्थित प्रसिद्ध चुरनी फॉल में एक युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका की पहचान अनगड़ा थाना क्षेत्र के तुरूप गांव निवासी प्रियंका कुमारी के रूप में हुई है। घटना के समय उसके साथ मौजूद रामगढ़ निवासी रफीक अंसारी को पुलिस ने हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
पुलिस फिलहाल यह पता लगाने में जुटी है कि युवती की मौत किन परिस्थितियों में हुई। पुलिस के अनुसार, प्रियंका मंगलवार को रफीक अंसारी के साथ चुरनी फॉल घूमने गई थी। फॉल में मौजूदगी के दौरान उसकी तबीयत बिगड़ने अथवा किसी अन्य घटना के बाद मौत होने की जानकारी सामने आई है। हालांकि, मौत की वास्तविक वजह को लेकर अभी स्थिति स्पष्ट नहीं है।
प्रियंका रांची के खेलगांव स्थित ओरिएंट क्राफ्ट में काम करती थी। बताया गया है कि रफीक अंसारी रामगढ़ जिले के गिद्दी थाना क्षेत्र के छपरी बड़काचुंबा, गिद्दी ए का रहने वाला है और पेंट-पॉलिश का काम करता है। दोनों के बीच परिचय और प्रेम संबंध होने की बात सामने आई है। हालांकि, पुलिस की ओर से इस संबंध की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। घटना की जानकारी मिलने के बाद अनगड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की।
पुलिस ने युवती के शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की। घटना के समय रफीक के साथ होने के कारण पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है। पुलिस यह जानने का प्रयास कर रही है कि फॉल पहुंचने के बाद दोनों के बीच क्या हुआ और युवती की मौत से पहले की परिस्थितियां क्या थीं।
पुलिस मृतका के परिजनों से भी जानकारी जुटा रही है। इसके अलावा घटनास्थल की स्थिति और वहां मौजूद लोगों से भी जानकारी लेने का प्रयास किया जा रहा है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट होने की उम्मीद है। पुलिस ने कहा है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   30 Sept 2026 5:52 PM IST












