पवई न्यूज: 43 वर्ष की सेवा के बाद रजनी श्रीवास्तव सेवानिवृत्त

43 वर्ष की सेवा के बाद रजनी श्रीवास्तव सेवानिवृत्त
विदाई समारोह में छात्राओं ने दी सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, गीत ने किया भावुक

डिजिटल डेस्क पवई। शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पवई में पदस्थ श्रीमती रजनी श्रीवास्तव की 43 वर्ष की शासकीय सेवा पूर्ण होने पर सेवानिवृत्ति एवं विदाई सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में संस्था के प्राचार्य आरसी गुप्ता सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं, कर्मचारीगण एवं अतिथिगण उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में छात्राओं ने स्वागत गीत प्रस्तुत किया। इसके बाद राजस्थानी लोकगीत ‘खम्मा घणी’ एवं ‘घूमर-घूमर’ पर सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं। विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं ने भी गीतों की प्रस्तुति दी।

समारोह के दौरान सेवानिवृत्त शिक्षक नागेंद्र श्रीवास्तव ने ‘आदमी एक मुसाफिर है’ गीत प्रस्तुत किया। गीत के माध्यम से उन्होंने श्रीमती श्रीवास्तव के 43 वर्ष की सेवा यात्रा की यादों को साझा किया। प्रस्तुति के दौरान समारोह का माहौल भावुक हो गया।

कार्यक्रम का संचालन उच्च माध्यमिक शिक्षक हरिशंकर खटीक ने किया। उन्होंने प्रेरणादायी प्रसंगों के साथ कार्यक्रम का संचालन किया। वक्ताओं ने श्रीमती श्रीवास्तव के कार्यकाल और सेवाओं को याद करते हुए उनके स्वस्थ एवं सुखमय जीवन की कामना की।

विद्यालय परिवार की ओर से उन्हें शॉल एवं श्रीफल सहित सम्मानित कर विदाई दी गई। उपस्थित शिक्षक-शिक्षिकाओं, कर्मचारीगण एवं अतिथियों ने सेवानिवृत्ति के बाद उनके स्वस्थ, दीर्घायु एवं सुखमय जीवन की शुभकामनाएं दीं।


Created On :   30 Sept 2026 6:22 PM IST

Tags

Next Story