लोकतंत्र बचाओ मार्च: केंद्र के साथ दो-दो हाथ करने को तैयार इंडिया गठबंधन, ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे के मांग को लेकर अब सड़क पर होगा संग्राम

केंद्र के साथ दो-दो हाथ करने को तैयार इंडिया गठबंधन, ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे के मांग को लेकर अब सड़क पर होगा संग्राम
  • 2 से 8 अक्टूबर तक ‘लोकतंत्र बचाओ मार्च’
  • 6 अक्टूबर को चुनाव आयोग तक विपक्षी सांसदों का मार्च
  • ज्ञानेश कुमार को जाना ही होगाः ममता बनर्जी
  • राष्ट्रपति से भी मिलेंगे, 'वोट चोरी' पर INDIA गठबंधन का ऐलान

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली. संसद सत्र के दौरान सरकार के खिलाफ धरना-प्रदर्शन कर खामोश बैठ जाने वाला इंडिया गठबंधन लंबे समय बाद मोदी सरकार के खिलाफ लामबंद होकर सड़क पर उतरने जा रहा है। केंद्रीय चुनाव आयोग के भीतर मतदाता विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर सामने आए घटनाक्रम के बाद इंडिया गठबंधन की बुधवार को एक अहम बैठक हुई। इस बैठक में शामिल गठबंधन के घटक दलों ने एक सुर में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की। साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर भी जमकर निशाना साधा। गठबंधन ने 2 से 8 अक्टूबर तक देश भर में ‘लोकतंत्र बचाओ मार्च’ निकालने का ऐलान किया है। इसके अलावा 6 अक्टूबर को इंडिया गठबंधन के घटक दलों के सभी सांसद केंद्रीय चुनाव आयोग तक मार्च करेंगे। साथ ही 1 नवंबर को दिल्ली में एक बड़ी रैली का आयोजन किया जाएगा।

यहां कांस्टीट्यूशन क्लब में कांग्रेस के नेतृत्व में हुई इंडिया गठबंधन की बैठक में 20 दलों के वरिष्ठ नेताओं ने हिस्सा लिया। बैठक में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी, लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी, ममता ऑल इंडिया तृणमूल कांग्रेस की अध्यक्ष ममता बनर्जी, एनसीपी (शरद) की वरिष्ठ नेता सुप्रिया सुले, नेशनल कांफ्रेंस के वरिष्ठ नेता व जम्मू कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला, समेत अन्य घटक दलों के नेताओं ने हिस्सा लिया। शिवसेना (उद्धव) प्रमुख उद्धव ठाकरे और झामुमो प्रमुख व झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ऑनलाइन माध्यम से बैठक में शामिल हुए।

मल्लिकार्जुन खड़गे ने बताया कि यह बैठक तकरीबन 3.30 घंटे तक चली। बैठक में गठबंधन के सभी नेताओं ने मिलकर आगे की लड़ाई लड़ने पर सहमति जताई। राहुल गांधी, ममता बनर्जी समेत दूसरे नेताओं ने कई अहम सुझाव दिए, जिसके बाद चुनाव प्रक्रिया और मतदाता सूची से जुड़े मुद्दों को लेकर संयुक्त कार्यक्रम पर सहमति बनी।

2 से 8 अक्टूबर तक ‘लोकतंत्र बचाओ मार्च’

खड़गे ने कहा कि देश में चुनाव आयोग के खिलाफ माहौल बना है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह चुनाव आयोग को कठपुतली बनाकर नचा रहे हैं। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार तो केवल मुखौटा है। सारा खेल मोदी-शाह की जोड़ी का है। दोनों मिलकर वोट की चोरी कर रहे हैं और चुनाव जीत रहे हैं। इंडिया गठबंधन ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और लोकतंत्र को बचाने के उद्देश्य से 2 से 8 अक्टूबर तक देश भर के हर जिले में लोकतंत्र बचाओ मार्च निकालने का निर्णय किया है। इस मार्च में इंडिया गठबंधन के घटक दलों के अलावा युवाओं, किसानों, महिलाओं, एनजीओ, संविधान और लोकतंत्र में भरोसा रखने वाले संगठनों को शामिल होने का आह्वान किया गया है। खड़गे ने कहा कि इसका मकसद चुनाव प्रक्रिया, मतदाता सूची और लोकतांत्रिक अधिकारों से जुड़े मुद्दों को जनता के बीच उठाना है।

6 अक्टूबर को चुनाव आयोग तक विपक्षी सांसदों का मार्च

कांग्रेस अध्यक्ष ने बताया कि 6 अक्टूबर को इंडिया गठबंधन में शामिल घटक दलों के सांसद (लोकसभा व राज्यसभा) केंद्रीय चुनाव आयोग तक मार्च निकालेंगे। उन्होंने बताया कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का इस्तीफा गठबंधन के एजेंडे में पहले से शामिल है और उनको हर हाल में जाना ही होगा।

राष्ट्रपति से मिलेगा विपक्ष

खड़गे ने बताया कि अक्टूबर के दूसरे सप्ताह में विपक्षी गठबंधन के नेता राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मिलने का समय मांगेंगे। इस दौरान राष्ट्रपति को चुनाव प्रक्रिया, मतदाता सूची को लेकर उठे सवालों से राष्ट्रपति को अवगत कराया जाएगा।

देश भर में 5 बड़ी रैलियों का आयोजन

खड़गे ने बताया कि बैठक में तय हुआ कि लोकतंत्र को बचाने के लिए और जनता को जागरूक करने के लिए देश भर में 5 बड़ी रैलियों का आयोजन किया जाएगा। हालांकि, इन रैलियां का स्थान और तारीख अभी तय नहीं हुआ है। माना जा रहा कि आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए उत्तर प्रदेश और गुजरात में भी रैलियों का आयोजन किया जाएगा।

ज्ञानेश कुमार को जाना ही होगाः ममता बनर्जी

पश्चिम बंगाल में मिली चुनावी हार के बाद मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की नाराजगी साफ नजर आई। ममता बनर्जी ने कड़े तेवर अख्तियार करते हुए कहा कि ज्ञानेश कुमार को जाना ही होगा, उसको इस्तीफा देना ही पड़ेगा। अगर ज्ञानेश का इस्तीफा नहीं हुआ तो इंडिया गठबंधन का आंदोलन और बड़ा रुप लेगा।

मोदी-शाह ने लोकतंत्र को नुकसान पहुंचायाः राहुल गांधी

लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने कहा कि इंडिया गठबंधन की बैठक में वोट चोरी मुख्य मुद्दा रहा। मोदी-शाह और ज्ञानेश कुमार ने लोकतंत्र पर आक्रमण किया। गठबंधन यह सुनिश्चित करेगा कि जिसने लोकतंत्र को क्षति पहुंचाई है, उसे सजा मिले। विपक्षी गठबंधन एकजुट होकर संविधान और लोकतंत्र की रक्षा करेगा।

Created On :   30 Sept 2026 6:14 PM IST

Tags

Next Story