Delhi News: 'संसद में सवाल पूछो- माइक बंद', थप्पड़ कांड पर राहुल गांधी का BJP पर निशाना

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। दिल्ली के तिलक नगर में रविवार को हुए थप्पड़ कांड में सियासत जोर पकड़ने लगी है। इस मामले में अब लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस नेता राहुल गांधी की प्रतिक्रिया सामने आई है। उनका कहना है कि इस मामले से उस सत्ता का चेहरा उजागर हो रहा है, जिसे अब मतदाताओं से डर लगना बंद हो गया है।
यह भी पढ़े -इंडिया गठबंधन की बैठक पर भाजपा का पलटवार, सपा और कांग्रेस आपस में एक दूसरे का ही कुर्ता फाड़ने में लगे
दिल्ली सरकार पर साधा निशाना
राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट शेयर किया है, जिसमें उन्होंने बताया, "दिल्ली की BJP सरकार के एक मंत्री वीडियो में एक नौजवान को थप्पड़ मारते दिख रहे हैं। उसका गुनाह? वो वीडियो बना रहा था। मंत्री के सामने सड़क खोदकर दिखाई जा रही थी, और उसके हाथ में कैमरा था। ये उस सत्ता का चेहरा है, जिसे अब वोटर से डर लगना बंद हो गया है। सड़क पर सवाल पूछो- थप्पड़। पेपर लीक पर सवाल पूछो- लाठी। संसद में सवाल पूछो- माइक बंद।"
यह भी पढ़े -सीईसी ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग पर अड़ी कांग्रेस, राहुल गांधी के आरोपों का सांसदों ने किया समर्थन
वोट चोरी पर क्या कहा?
कांग्रेस नेता ने पोस्ट में आगे बताया, "ये लोग ऐसा इसलिए करते हैं क्योंकि इन्हें अब ये डर ही नहीं कि चुनाव इन्हें हटा सकता है। वोट चोरी यही खरीदती है। सिर्फ नतीजा नहीं, उसके बाद आने वाला अहंकार भी। जो सरकार जीत को पक्का मान लेती है, उसे आपकी रजामंदी नहीं चाहिए- आपकी खामोशी और अंधभक्ति चाहिए।"
राहुल गांधी के बयान पर मंत्री ने किया पलटवार
राहुल गांधी के इस सोशल मीडिया पोस्ट पर दिल्ली सरकार में मंत्री प्रवेश वर्मा ने खुद पलटवार करते हुए कहा, "राहुल जी, आप रहने दो भाई, आपको कुछ नहीं पता।" बता दें कि रविवार को प्रवेश वर्मा तिलक नगर इलाके में सड़क का निरीक्षण करने पहुंचे थे, जहां एक युवक वीडियो बना रहा था, जिसे उन्होंने थप्पड़ मार दिया था।
Created On :   27 Sept 2026 9:51 PM IST








