Nitin Navin Bengal Visit: पश्चिम बंगाल में नितिन नवीन की बड़ी बैठक, संगठन से लेकर सोशल मीडिया तक की समीक्षा

डिजिटल डेस्क, कोलकाता। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन दो दिवसीय पश्चिम बंगाल के दौरे पर हैं। इस दौरान वे रविवार (27 सितंबर) को प्रदेश संगठन पदाधिकारियों और प्रतिनिधियों की बैठक में शामिल हुए। यहां उन्होंने राज्य में पार्टी के प्रदर्शन की समीक्षा की और भविष्य की रणनीति के साथ योजनाओं पर बातचीत की। सरकार बनने के बाद यह उनकी पहली बैठक थी।
ये पदाधिकारी रहे मौजूद
हाल ही में पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव हुए थे। इस दौरान पार्टी ने बड़ी जीत हासिल की थी और पहली बार अपनी सरकार बनाई थी। इसके बाद नितिन नवीन का यह पहला दौरा है। बैठक में उन्होंने राज्य संगठन के पदाधिकारियों, विभाग संयोजकों, प्रदेश मोर्चा अध्यक्षों, सांसदों, जिले के नेताओं के साथ पार्टी के आईटी और सोशल मीडिया पदाधिकारियों से जुड़े कई मुद्दों पर समीक्षा की।
बैठक को लेकर नितिन नवीन ने क्या बताया?
भाजपा की यह बैठक राजधानी कोलकाता के न्यू टाउन स्थित बिस्वा बांग्ला कन्वेंशन सेंटर में आयोजित की गई थी। इसके बाद नितिन नवीन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट शेयर किया, जिसमें उन्होंने इस मीटिंग को लेकर जानकारी साझा की है। उनका कहना है, "आज कोलकाता में सांसदों और विधायकों के साथ आयोजित बैठक में सम्मिलित होकर प्रदेश से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी और मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी जी के नेतृत्व में डबल इंजन की सरकार 'विकसित पश्चिम बंगाल' के निर्माण की दिशा में निरंतर आगे बढ़ रही है।"
प्रदेश के मंत्री ने बैठक पर दी जानकारी
नितिन नवीन के साथ हुई मीटिंग को लेकर बंगाल सरकार में मंत्री अर्जुन सिंह ने बताया, "यही भाजपा की कार्यशैली है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष संगठन पर नजर रखने और यह सुनिश्चित करने के लिए आए हैं कि पार्टी के विधायक, सांसद और मंत्री ठीक से काम कर रहे हैं और जनता के साथ अच्छे संबंध बनाए हुए हैं। राष्ट्रीय अध्यक्ष एक राज्य में इन सभी पहलुओं की समीक्षा करने आए हैं। यही भाजपा की कार्यशैली है और इसीलिए भाजपा लगातार पूरी क्षमता के साथ बनी रहती है। बाकी लोगों में क्षमता नहीं होती, क्योंकि उनका रिश्ता जनता से टूट जाता है और उसके बाद वे चुनाव आयोग का नाम लेकर चिल्लाते हैं कि चुनाव आयोग इस्तीफा दो, इस्तीफा दो।"
Created On :   27 Sept 2026 10:17 PM IST









