एसआईआर विवाद: 'फिर बेनकाब हुआ विपक्ष', SIR को लेकर घमासान के बीच नितिन नवीन का कांग्रेस पर हमला

फिर बेनकाब हुआ विपक्ष, SIR को लेकर घमासान के बीच नितिन नवीन का कांग्रेस पर हमला
SIR और वोटर लिस्ट में कथित गड़बड़ियों को लेकर देश की राजनीति में घमासान मचा हुआ है। इस बीच चुनाव आयोग पर लग रहे आरोपों को लेकर स्पष्टीकरण आ गया है। इसके बाद भाजपा लगातार विपक्ष पर हमलावर बनी हुई है।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। SIR और वोटर लिस्ट में कथित गड़बड़ियों को लेकर देश की राजनीति में घमासान मचा हुआ है। इस बीच चुनाव आयोग पर लग रहे आरोपों को लेकर स्पष्टीकरण आ गया है। इसके बाद भाजपा लगातार विपक्ष पर हमलावर बनी हुई है। इसी क्रम में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की प्रतिक्रिया सामने आई है। उन्होंने कहा कि SIR के मुद्दे पर लोगों को गुमराह करने की कोशिश की जा रही है। अब एक बार फिर विपक्ष का चेहरा बेनकाब हो गया है।

सर्वसम्मति से हुए थे फैसले?

नितिन नवीन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट साझा करते हुए कहा कि चुनाव आयोग ने पूरी तरह से स्पष्ट कर दिया है कि SIR के दौरान लिए गए सभी फैसले सर्वसम्मति से हुए थे। इसके बाद भी कांग्रेस एक गढ़े हुए झूठ के सहारे आरोप लगा रही है और देश की संवैधानिक संस्थाओं की साख पर निशाना साध रही है।

कांग्रेस पर साधा निशाना

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा, "कांग्रेस का यह दोहरा रवैया साफ दिखता है कि जब इसी चुनावी प्रक्रिया के जरिए केरल और तमिलनाडु जैसे राज्यों में कांग्रेस और उसके साथियों को जीत मिलती है, तो वे चुनाव आयोग की निष्पक्षता को तुरंत स्वीकार कर लेते हैं। जब दूसरे राज्यों में जनता का जनादेश उनके खिलाफ जाता है, तो वे चुनाव कराने वाली इन्हीं संस्थाओं पर सवाल उठाने लगते हैं। लोकतंत्र का सम्मान सहूलियत के हिसाब से नहीं किया जा सकता।"

विपक्ष से की ये मांग

भाजपा नेता ने विपक्ष से मांग करते हुए कहा कि वह देश की जनता से माफी मांगे। उन्होंने आगे बताया, "चुनाव में हार-जीत तो लोकतंत्र का हिस्सा है, लेकिन अपनी राजनीति बचाने के लिए देश की सम्मानित संवैधानिक संस्थाओं को बदनाम करना और झूठा दुष्प्रचार करना बेहद दुखद है। जिन लोगों ने अपने राजनीतिक फायदे के लिए भारत के लोकतांत्रिक ढांचे को नुकसान पहुंचाया है, उन्हें देश के सामने अपनी गलती माननी चाहिए और जनता से खुले दिल से माफी मांगनी चाहिए।"

Created On :   26 Sept 2026 10:45 PM IST

Tags

Next Story