MP BJP News: आंगनबाड़ी से घर-घर तक पहुंचेगा 'सेवा संकल्प', एमपी भाजपा कार्यालय में महिला कार्यकर्ताओं की बुलाई बैठक

आंगनबाड़ी से घर-घर तक पहुंचेगा सेवा संकल्प, एमपी भाजपा कार्यालय में महिला कार्यकर्ताओं की बुलाई बैठक
भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश और प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल ने शनिवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में अहम बैठक।

डिजिटल डेस्क, भोपाल। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश और प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल ने शनिवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में 'सेवा संकल्प अभियान' को लेकर प्रदेश टोली, विभिन्न टोलियों और महिला कार्यकर्ताओं की बैठक को संबोधित किया। बैठक में आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से जरूरतमंद परिवारों तक पहुंच बनाने, महिला एवं बाल कल्याण योजनाओं की जानकारी देने और सेवा कार्यों को प्रभावी बनाने पर चर्चा हुई।

आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के सम्मान पर जोर

शिवप्रकाश ने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्र केवल पोषण उपलब्ध कराने का माध्यम नहीं हैं, बल्कि अंत्योदय की भावना को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम भी हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सेवा और समर्पण के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में 'सेवा संकल्प अभियान' के तहत 'आंगन मिलन सेवा' अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का सम्मान करने के साथ बाल कल्याण योजनाओं का प्रचार-प्रसार किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता महिलाओं और बच्चों के स्वास्थ्य एवं पोषण की देखभाल में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। इसलिए उनके योगदान को सम्मान देना और उनके माध्यम से जरूरतमंद परिवारों तक पहुंच बनाना जरूरी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य और स्वच्छता को प्राथमिकता देने की अपील की।

वंचित परिवारों तक पहुंचे कार्यकर्ता

महिला मोर्चा की बैठक में शिवप्रकाश ने कहा कि समाज के वंचित और जरूरतमंद वर्ग तक पहुंचना पंडित दीनदयाल उपाध्याय के अंत्योदय के विचार का महत्वपूर्ण हिस्सा है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता आंगनबाड़ी के माध्यम से ऐसे परिवारों से सीधे संपर्क करें और सरकार की योजनाओं एवं सेवा कार्यों की जानकारी घर-घर तक पहुंचाएं।

उन्होंने कहा कि 'आंगन मिलन सेवा' अभियान का उद्देश्य केवल कार्यक्रम आयोजित करना नहीं है। इसके जरिए बच्चों के पोषण और स्वास्थ्य की चिंता करने के साथ आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के योगदान को समाज के सामने सम्मान देना भी है। उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्रों में बेहतर वातावरण मिलने से बच्चों को पोषण, स्वच्छता और प्रारंभिक देखभाल का लाभ मिल सकता है।

सोशल मीडिया के जरिए योजनाओं की जानकारी पहुंचाने पर जोर

शिवप्रकाश ने कहा कि भाजपा के सेवा कार्यों का उद्देश्य केवल प्रचार करना नहीं है, लेकिन समाज को यह जानकारी होना भी जरूरी है कि विभिन्न योजनाओं और सेवा कार्यों से लोगों के जीवन में क्या बदलाव आया है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से घर-घर संपर्क के साथ सोशल मीडिया के माध्यम से भी योजनाओं की जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने को कहा।

उन्होंने प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, लखपति दीदी, नमो ड्रोन दीदी, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, सुकन्या समृद्धि योजना, मिशन वात्सल्य, सक्षम आंगनबाड़ी, पोषण संबंधी पहल, एनीमिया नियंत्रण और सिकल सेल एनीमिया उन्मूलन अभियान सहित विभिन्न योजनाओं की जानकारी परिवारों तक पहुंचाने की बात कही।

बूथ कार्यकर्ताओं को बताया संगठन की ताकत

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि प्रदेशभर में 'सेवा संकल्प अभियान' के तहत आयोजित कार्यक्रमों की सफलता का श्रेय संगठन के प्रत्येक कार्यकर्ता को जाता है। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता आधारित संगठन है और सभी कार्य सामूहिक जिम्मेदारी के साथ किए जाते हैं।

खण्डेलवाल ने कहा कि प्रदेश, जिला और बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं की मेहनत से अभियान को पूरे प्रदेश में गति मिल रही है। बूथ स्तर का कार्यकर्ता संगठन की सबसे बड़ी ताकत है और उसके माध्यम से संगठन की गतिविधियां समाज के प्रत्येक वर्ग और परिवार तक पहुंचती हैं।

उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य केवल कार्यक्रम आयोजित करना नहीं, बल्कि सेवा की भावना को मजबूत करने के साथ सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी पात्र परिवारों तक पहुंचाना भी है।

ये नेता रहे मौजूद

बैठक में प्रदेश शासन के मंत्री राकेश सिंह, प्रदेश उपाध्यक्ष शैलेंद्र बरुआ और सुरेंद्र शर्मा, प्रदेश महामंत्री एवं अभियान संयोजक राहुल कोठारी, विधायक रामेश्वर शर्मा, मध्यप्रदेश नागरिक आपूर्ति निगम के अध्यक्ष संजय नगाइच, महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष अश्विनी परांजपे, पूर्व सांसद आलोक संजर सहित प्रदेश टोली और विभिन्न टोलियों के सदस्य मौजूद रहे। बैठक में टोली के अन्य सदस्य वर्चुअल माध्यम से भी शामिल हुए।

Created On :   26 Sept 2026 7:52 PM IST

Tags

Next Story