MP News: सेवा संकल्प अभियान के तहत 17 सितंबर को लाभार्थियों के घर प्रज्ज्वलित होगा ‘आशीर्वाद का दीया’

सेवा संकल्प अभियान के तहत 17 सितंबर को लाभार्थियों के घर प्रज्ज्वलित होगा ‘आशीर्वाद का दीया’
सांसद आलोक शर्मा ने मंडल कार्यसमिति की बैठक को किया संबोधित

डिजिटल डेस्क, भोपाल। भारतीय जनता पार्टी के केंद्रीय संगठन द्वारा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के सार्वजनिक जीवन एवं लोकसेवक के रूप में 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में बुधवार को सांसद आलोक शर्मा ने सीहोर विधानसभा के सीहोर नगर मंडल क्रमांक-1 एवं सीहोर नगर मंडल क्रमांक-2 की मंडल कार्यसमिति एवं मंडल कार्यशाला की बैठक लेकर अभियान के अंतर्गत आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों और संगठन द्वारा निर्धारित दायित्वों की विस्तार से जानकारी दी।

सांसद आलोक शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन की सबसे बड़ी पहचान सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण है। प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने अनेक ऐतिहासिक एवं जनकल्याणकारी कार्य किए हैं, जिनसे देश के करोड़ों परिवारों के जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है। ‘सेवा संकल्प अभियान’ के माध्यम से प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में देश में हुए विकास, सुशासन और जनकल्याण के कार्यों तथा उनसे आए परिवर्तन को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा।

17 सितंबर को घर-घर प्रज्ज्वलित होगा ‘आशीर्वाद का दीया’

सांसद आलोक शर्मा ने ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम की जानकारी देते हुए कहा कि 17 सितंबर को शाम 7 बजे पूरे मंडल में केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों के घर पहुंचकर ‘आशीर्वाद का दीया’ प्रज्ज्वलित किया जाएगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं को निर्देश दिए कि प्रत्येक मोहल्ले के प्रभारी बनाए जाएं, लाभार्थियों की सूची तैयार की जाए तथा आवश्यक संख्या में दीयों की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

‘सेवा चित्र’ के माध्यम से विद्यार्थियों को जोड़ेंगे

सांसद आलोक शर्मा ने बताया कि 18 सितंबर से 7 अक्टूबर तक ‘सेवा चित्र’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसके अंतर्गत सरकारी एवं निजी स्कूलों की सूची तैयार कर वहां चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। प्रतियोगिताओं का विषय ‘2014 के पहले का भारत और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में बदलता भारत’ रहेगा। प्रतियोगिता के विजेताओं को पुरस्कृत किया जाएगा। कार्यक्रम में विद्यार्थियों के अभिभावकों के साथ-साथ गणमान्य नागरिकों को भी आमंत्रित किया जाएगा।

नुक्कड़ नाटक के माध्यम से जन-जन तक पहुंचेगा ‘सेवा स्मरण’

सांसद आलोक शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में देश में हुए ऐतिहासिक एवं महत्वपूर्ण कार्यों को नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से आमजन तक पहुंचाया जाएगा। कार्यकर्ता विभिन्न स्थानों पर नुक्कड़ नाटकों का आयोजन कर धारा 370 का उन्मूलन, तीन तलाक से मुक्ति, सीमाओं की सुरक्षा, गरीब कल्याण, स्वच्छता अभियान, जनधन योजना, उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत सहित देश में हुए महत्वपूर्ण बदलावों एवं उपलब्धियों की जानकारी आमजन तक पहुंचाएंगे।

महिला मोर्चा आयोजित करेगा ‘आंगन मिलन’ कार्यक्रम

सांसद आलोक शर्मा ने बताया कि ‘आंगन मिलन’ कार्यक्रम महिला मोर्चा द्वारा आयोजित किया जाएगा। इसके लिए क्षेत्र की आंगनवाड़ियों की सूची तैयार कर वहां पहुंचकर आंगनवाड़ी से जुड़ी मातृशक्ति से संवाद किया जाएगा। इस दौरान महिलाओं से केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं से उनके जीवन में आए बदलावों की कहानियां और अनुभव सुने जाएंगे। उनके योगदान एवं अनुभवों के सम्मान स्वरूप मातृशक्ति को शॉल-फल से सम्मानित किया जाएगा।

लाभार्थियों की ‘कहानी बदलाव की’ बनेगी प्रेरणा

सांसद आलोक शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत, उज्ज्वला योजना सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों से संवाद कर उनके जीवन में आए सकारात्मक बदलाव की वास्तविक कहानियां सामने लाई जाएं। लाभार्थियों के अनुभवों के वीडियो तैयार कर सोशल मीडिया के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाया जाए, ताकि आमजन को यह जानकारी मिल सके कि केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं ने गरीब और जरूरतमंद परिवारों के जीवन को किस प्रकार बदला है।

‘सेवा मेरा योगदान’ और ‘सेवा सेतु’ से मजबूत होगी जनभागीदारी

सांसद आलोक शर्मा ने ‘सेवा मेरा योगदान’ कार्यक्रम के संबंध में भी कार्यकर्ताओं को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सेवा कार्यों में अधिक से अधिक कार्यकर्ताओं एवं समाज के लोगों की भागीदारी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने ‘सेवा सेतु’ कार्यक्रम की जानकारी देते हुए कहा कि इसके माध्यम से सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और पात्र हितग्राहियों के बीच कार्यकर्ता सेतु का काम करेंगे। कार्यकर्ता अपने-अपने क्षेत्रों में पात्र नागरिकों की पहचान कर उन्हें विभिन्न योजनाओं की जानकारी देने के साथ ही योजनाओं का लाभ दिलाने में सहयोग करेंगे। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र व्यक्ति सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे।

आयोजन तक सीमित न रहें कार्यक्रम, जनभागीदारी और सेवा भावना से करें कार्य

सांसद आलोक शर्मा ने कार्यकर्ताओं का आह्वान करते हुए कहा कि ‘सेवा संकल्प अभियान’ के सभी कार्यक्रम केवल आयोजन तक सीमित न रहें, बल्कि उनमें जनभागीदारी, संवाद और सेवा भावना दिखाई देनी चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन की सबसे बड़ी पहचान सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण है। उनकी 25 वर्षों की सेवा यात्रा तथा इस दौरान देश में आए ऐतिहासिक बदलावों को जन-जन तक पहुंचाना ही ‘सेवा संकल्प अभियान’ का मूल उद्देश्य है।

बैठक में भाजपा जिलाध्यक्ष नरेश मेवाड़ा, विधायक सुदेश राय, सीहोर जिला संगठन प्रभारी विकास वीरानी, नगर मंडल अध्यक्ष सुदीप प्रजापति, सुशील ताम्रकार, जिला पदाधिकारी, मंडल पदाधिकारी एवं मंडल कार्यसमिति के सदस्य सहित पार्षदगण उपस्थित रहे।

Created On :   9 Sept 2026 8:24 PM IST

Tags

Next Story