MP News: सरकार ने मानी इंटर्न डॉक्टरों की मांग, 50 फीसदी बढ़ाया स्टाइपेंड, आंदोलन हुआ खत्म

सरकार ने मानी इंटर्न डॉक्टरों की मांग, 50 फीसदी बढ़ाया स्टाइपेंड, आंदोलन हुआ खत्म
राजधानी भोपाल में बीते तीन दिन से चल रहा इंटर्न्स डॉक्टरों का आंदोलन समाप्त हो गया। सरकार ने उनकी मांगें मान ली हैं।

डिजिटल डेस्क, भोपाल। राजधानी भोपाल में बीते तीन दिन से चल रहा इंटर्न्स डॉक्टरों का आंदोलन समाप्त हो गया। सरकार ने उनकी मांगें मान ली हैं। डिप्टी सीएम और स्वास्थ्य मंत्री राजेंद्र शुक्ल ने इसकी जानकारी देते हुए कहा कि इंटर्न्स, जूडा और एमटीए प्रतिनिधिमंडल के साथ मीटिंग हो गई है। उनकी मांगों को मान लिया गया है। अब उन्हें 21 हजार 500 रुपय स्टाइपेंड मिलेगा।

डिप्टी सीएम ने यह भी बताया कि आंदोलन के दौरान छात्रों पर लाठीचार्ज और वॉटर कैनन का इस्तेमाल करने के मामले में दो पुलिसकर्मियों को लाइन अटैच किया गया है। जांच के लिए टीम का गठन भी किया गया है।

'सरकार डॉक्टरों के साथ'

मंत्री राजेंद्र शुक्ल ने डॉक्टरों को देश की सबसे बड़ी ताकत बताते हुए कहा कि आप खुश रहकर काम करते रहिए, सरकार आपके साथ है। आपकी सभी मांगों को पूरा किया जा रहा है। विदेश यात्रा पर रहने के बावजूद सीएम डॉ. मोहन यादव ने आपके हित में फैसला सुनाया है।

आंदोलन के चलते ओपीडी सेवाएं हुईं ठप्प

स्टाइपेंड बढ़ाने की मांग को लेकर इंटर्न्स डॉक्टर्स बीते 3 दिन से भोपाल के कमला पार्क पर आंदोलन कर रहे थे। इंटर्न्स डॉक्टरों के न होने पर प्रदेश भर के सरकारी अस्पतालों की ओपीडी सेवाओं पर बहुत बुरा असर पड़ा। राजधानी के हमीदिया अस्पताल में मरीज परेशान दिखे, खासकर किडनी और लिवर के मरीज। हालात ये हो गए कि बुधवार यानि आज हमीदिया में केवल 2 ऑपरेशन ही हो सके। ऐसे सामान्य दिनों में यहां लगभग 40 ऑपरेशन होते हैं।

Created On :   9 Sept 2026 8:32 PM IST

Tags

Next Story