मध्य प्रदेश न्यूज: मंत्री कृष्णा गौर के आश्वासन के बाद भी नहीं माने सफाई कर्मचारी, CM से मुलाकात के बाद लेंगे फैसला

मंत्री कृष्णा गौर के आश्वासन के बाद भी नहीं माने सफाई कर्मचारी, CM से मुलाकात के बाद लेंगे फैसला
मध्य प्रदेश में सफाई कर्मचारियों की हड़ताल का आज चौथा दिन है। शुक्रवार को राज्यमंत्री कृष्णा गौर ने सफाई कर्मचारियों से मुलाकात की और उन्हें आश्वासन देते हुए हड़ताल समाप्त करने की अपील की।

भास्कर ब्यूरो, भोपाल। मध्य प्रदेश में सफाई कर्मचारियों की हड़ताल का आज चौथा दिन है। शुक्रवार को राज्यमंत्री कृष्णा गौर ने सफाई कर्मचारियों से मुलाकात की और उन्हें आश्वासन देते हुए हड़ताल समाप्त करने की अपील की। हालांकि, मंत्री के आश्वासन के बाद भी सफाई कर्मचारी हड़ताल खत्म करने के लिए तैयार नहीं हुए। कर्मचारियों का कहना है कि वे मुख्यमंत्री से मुलाकात के बाद ही हड़ताल को लेकर कोई फैसला लेंगे। यदि मुख्यमंत्री से मुलाकात सकारात्मक रहती है, तो सफाई कर्मचारी पूरी रात सफाई का काम करेंगे और शनिवार सुबह तक सड़कों से पूरा कचरा उठा लेंगे।

आज देर रात मुख्यमंत्री से मुलाकात के आसार

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज देर रात सफाई कर्मचारियों के प्रतिनिधिमंडल से मुख्यमंत्री निवास पर मुलाकात कर सकते हैं। सूत्रों के मुताबिक, रात 8 बजे मुख्यमंत्री के भोपाल स्थित निवास पहुंचने के बाद सफाई कर्मचारियों से उनकी मुलाकात होने की संभावना है।

प्रदेशभर की सड़कों पर फैला कचरा

शुक्रवार को सफाई कर्मचारियों की हड़ताल का चौथा दिन है। पिछले चार दिनों से प्रदेश के कई शहरों की सड़कों पर कचरा फैला हुआ है। इंदौर को छोड़कर प्रदेश के अन्य हिस्सों में सफाई व्यवस्था प्रभावित हुई है। हड़ताल के चलते सड़कों और बाजारों में कचरे के ढेर दिखाई दे रहे हैं।

मुख्यमंत्री से मुलाकात पर टिकी निगाहें

सफाई कर्मचारियों के प्रतिनिधिमंडल और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के बीच होने वाली संभावित मुलाकात पर पूरे प्रदेश की नजरें टिकी हैं। दिवाली से ठीक पहले सफाई कर्मचारियों के हड़ताल पर जाने से धनतेरस के दिन भी कई शहरों में कचरे के ढेर लगे हुए हैं। ऐसे में अब देखना होगा कि मुख्यमंत्री के साथ बैठक में क्या नतीजा निकलता है और क्या छोटी दिवाली तक प्रदेश की सड़कों से कचरा उठ पाएगा या लोगों को गंदगी के बीच ही त्योहार मनाना पड़ेगा।

Created On :  

Tags

Next Story