सांसद-डीआरएम-महाप्रबंधक बैठक: भोपाल से अयोध्या के लिए रोजाना नई ट्रेन की मांग, सिंहस्थ 2028 से पहले स्टेशन पर बढ़ेंगी सुविधाएं

भोपाल से अयोध्या के लिए रोजाना नई ट्रेन की मांग, सिंहस्थ 2028 से पहले स्टेशन पर बढ़ेंगी सुविधाएं
पश्चिम मध्य रेल के महाप्रबंधक के साथ बुधवार को भोपाल रेल मंडल क्षेत्र के सांसदों की बैठक केन्द्रीय राज्यमंत्री एवं सांसद बैतूल दुर्गादास उईके की अध्यक्षता में हुई।

डिजिटल डेस्क, भोपाल। पश्चिम मध्य रेल के महाप्रबंधक के साथ बुधवार को भोपाल रेल मंडल क्षेत्र के सांसदों की बैठक केन्द्रीय राज्यमंत्री एवं सांसद बैतूल दुर्गादास उईके की अध्यक्षता में हुई। इसमें यात्री सुविधाओं के विस्तार, नई रेल सेवाओं, ट्रेनों के ठहराव, स्टेशन पुनर्विकास, रेलमार्गों के निर्माण और रेल सुरक्षा व इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट पर जोर दिया गया। सांसद- राज्यसभा, (नोडल जिला-सागर) रजनीश कुमार अग्रवाल ने भोपाल जंक्शन/रानी कमलापति स्टेशन से अयोध्या के लिए प्रतिदिन सीधी नई ट्रेन संचालन, अम्बेडकर नगर-प्रयागराज-डॉ. अम्बेडकर नगर एक्सप्रेस का ठहराव मंडी बामोरा, भोपाल-ग्वालियर-भोपाल इंटरसिटी एक्सप्रेस का ठहराव मंडी बामोरा, मंडीबामोरा रेलवे स्टेशन पर प्रधानमंत्री गति शक्ति कार्गा टर्मिनल बनाने की पर जोर दिया।

दर्शन सिंह चौधरी ने हजरत निजामुद्दीन-मुबई सीएसएमटी-हजरत निजामुद्दीन राजधानी एक्सप्रेस, लोकमान्यतिलक टर्मिनस-हरिद्वार-लोकमान्यतिलक टर्मिनस एक्सप्रेस, इंदौर-नागपुर-इंदौर त्रि-शताब्दी एक्सप्रेस का इटारसी स्टेशन पर हाल्ट, बनारस-हड़पसर (पुणे)-बनारस अमृत भारत एक्सप्रेस, कर्नाटका एक्सप्रेस, कामायनी एक्सप्रेस, पुष्पक एक्सप्रेस, सूरत-थावे जंक्शन-सूरत ताप्ती गंगा एक्सप्रेस, कुशीनगर एक्सप्रेस का बानापुरा स्टेशन पर हाल्ट एवं इटारसी एवं पोवारखेड़ा स्टेशन के समीप निर्माणधीन रेलवे ओवर ब्रिज का निर्माण कार्य को जल्दी पूरा कराने और यात्री सुविधाओं पर जोर देने के लिए कहा। सांसद माया नरोलिया ने कहा कि कामायनी एक्सप्रेस, ताप्ती गंगा एक्सप्रेस, तुलसी एक्सप्रेस का बानापुरा स्टेशन पर गाड़ियों का हाल्ट, नागपुर-भुसावल-नागपुर सुपरफास्ट पैसेंजर को पुनः चालू, जनता एक्सप्रेस को फिर से चलाया जाए। लता वानखेड़े ने सिरोंज–शमशाबाद–लटेरी–कुरवाई नई रेल लाइन का सर्वे एवं स्वीकृति, बीना जंक्शन का तीव्र गति से विकास एवं आधुनिकीकरण, मंडी बामोरा रेलवे स्टेशन का विकास एवं महत्वपूर्ण ट्रेनों के ठहराव, बीना स्टेशन पर प्रमुख एवं प्रीमियम ट्रेनों के ठहराव, सागर–पुणे, बेंगलुरु एवं अन्य प्रमुख शहरों के लिए रेल कनेक्टिविटी देने की बात रखी।

बैठक में केन्द्रीय राज्यमंत्री उईके, सांसद रोडमल नागर, दर्शन सिंह चौधरी, माया नारोलिया, डॉ. लता वानखेड़े, भारत सिंह कुशवाह, रजनीश कुमार अग्रवाल, अशोक सिंह और आलोक शर्मा शामिल रहे। सभी सांसदों ने सुझाव भी दिए। महाप्रबंधक दिलीप कुमार सिंह ने सभी अमृत भारत स्टेशन योजना व भोपाल-रामगंजमंडी नई रेल लाइन सहित विभिन्न रेल विकास परियोजनाओं के बारे में बताया। डीआरएम पंकज त्यागी ने पावर पॉइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से भोपाल मंडल के विकास कार्यों के बारे में बताया।

सिंहस्थ 2028 को ध्यान में रखकर हो रहे कार्य

पमरे के महाप्रबंधक दिलीप कुमार सिंह ने बताया कि भोपाल रेलवे स्टेशन को सिंहस्थ को ध्यान में रखते हुए कार्य किया जा रहा। क्राउड मैनेजमेंट की योजना के तहत किया जा रहा। स्टेशन के दोनों ओर यात्रियों के लिए अतिरिक्त होल्डिंग एरिया विकसित किए जा रहे। यहां चाय-नाश्ते और भोजन की व्यवस्था के साथ यात्रियों को अन्य सुविधाएं मिलेंगी। जरूरत के अनुसार नए टिकट काउंटर भी खोले जाएंगे। जिससे यात्रियों को परेशानी नहीं होगी। उन्होंने कहा बीना से इटारसी के बीच चौथी रेल लाइन का काम जारी है। भोपाल से बीना के बीच चौथी लाइन के लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी हो गई है। परियोजना को अगले तीन से चार वर्षों में पूरा कर लिया जाएगा। महाप्रबंधक ने बताया कि अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत दो-तिहाई से अधिक स्टेशनों का पुनर्विकास कार्य किया जा चुका है। करीब 9 शेष स्टेशनों पर काम जारी है। बीना से भोपाल के बीच ऑटोमैटिक सिग्नलिंग और कवच प्रणाली का कार्य अगले छह महीने में पूरा करने का लक्ष्य है।

Created On :  

Tags

Next Story