Bihar Politics: विपक्ष की राह पर PK की पार्टी, CEC ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की उठाई मांग

डिजिटल डेस्क, पटना। एसआईआर के मुद्दे पर केंद्र सरकार पर विपक्ष हमलावर रुख अपनाए हुए है। इस मुद्दे पर विपक्ष लगातार मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग कर रहा है। इस क्रम में अब प्रशांत किशोर की पार्टी जनसुराज ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की है। इस मामले पर पार्टी प्रवक्ता कुमार सौरभ ने शुक्रवार को अपना बयान जारी किया।
यह भी पढ़े -एसआईआर प्रक्रिया रही पारदर्शी, 97 छूटे मतदाताओं का घर-घर सर्वे, पात्र लोगों के नामजोड़े गए गोवा सीईओ
जनसुराज पार्टी ने की ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग
जनसुराज पार्टी के नेता कुमार सौरभ ने कहा कि चुनाव आयोग के अंदर आंतरिक विवाद, मतदाता सूची संशोधन (SIR) में बड़ी अनियमितताओं के आरोपों, संस्थागत पारदर्शिता और उससे जुड़ी विश्वसनीयता पर गंभीर प्रश्नचिह्न है। भारत के लोकतंत्र में आम लोगों की आस्था बनी रहे इसके लिए आवश्यक है कि निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव प्रक्रिया का पालन किया जाए।
उन्होंने कहा कि विशेष गहन संशोधन (SIR) प्रक्रिया के तहत देशभर में कुल 13 करोड़ से अधिक मतदाताओं का नाम ड्राफ्ट इलेक्टोरल रोल से हटा दिया गया। एसआईआर की पूरी प्रक्रिया गंभीर सवालों के घेरे में है। उन्होंने कहा कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की नियुक्ति प्रक्रिया और पूर्व की पृष्ठभूमि पर भी गंभीर प्रश्नचिह्न है।
यह भी पढ़े -बिहार सरकार अपराधियों पर लगा रही लगाम, उनके लिए सिर्फ दो ही जगह जेल या भगवान गिरिराज सिंह
ज्ञानेश कुमार पर लगाए गंभीर आरोप
कुमार सौरभ ने कहा कि ज्ञानेश कुमार की कार्यशैली और विश्वसनीयता को लेकर जिस प्रकार के गंभीर आरोप लगे हैं उसे नजरअंदाज नहीं किया जाना चाहिए। इसे ध्यान में रखते हुए उन्होंने ज्ञानेश कुमार को नैतिक जिम्मेदारी के तहत इस्तीफा देने की मांग की है।
अपने बयान में मुख्य चुनाव आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार की नियुक्ति को भी विवादास्पद बताया। कहा कि 2023 में संसद के बनाए कानून में बदलाव के बाद चयन समिति में सरकार का प्रभुत्व बढ़ गया था। ज्ञानेश कुमार की पृष्ठभूमि में अनुच्छेद 370, राम मंदिर ट्रस्ट जैसे संवेदनशील मुद्दों पर केंद्र सरकार के लिए काम करना शामिल है।
उन्होंने कहा कि ज्ञानेश कुमार को लेकर ये साफ है कि चुनाव आयोग के भीतर गंभीर आपत्तियां दर्ज हुई हैं। ये लाखों मतदाताओं के अधिकार प्रभावित होने का मामला भी साफ तौर से प्रतीत होता है।
Created On :   25 Sept 2026 10:12 PM IST








