SIR Controversy: एसआईआर पर EC के फैसले के बाद BJP आक्रामक, संबित पात्रा ने कांग्रेस को घेरा

एसआईआर पर EC के फैसले के बाद BJP आक्रामक, संबित पात्रा ने कांग्रेस को घेरा
मतदाता सूची के विशेष गहन संशोधन (SIR) को लेकर विवाद जारी है। इसी बीच चुनाव आयोग (ECI) की तरफ से एक अहम बैठक नई दिल्ली में बुलाई गई थी।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। मतदाता सूची के विशेष गहन संशोधन (SIR) को लेकर विवाद जारी है। इसी बीच चुनाव आयोग (ECI) की तरफ से एक अहम बैठक नई दिल्ली में बुलाई गई थी। इसमें मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार और दो आयुक्त शामिल हुए थे। जिसके बाद SIR को लेकर अहम फैसले जारी किए गए हैं। इस पर भाजपा की प्रतिक्रिया सामने आई है। भाजपा प्रवक्ता संबित पात्रा का कहना है कि चुनाव आयोग ने सार्वजनिक बयान जारी कर दिया है। उन्होंने आगे कहा कि अब दूध का दूध और पानी का पानी हो गया है। इसके साथ ही उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी और पार्टी पर निशाना साधा है।

SIR पर क्या कहा?

संबित पात्रा ने कांग्रेस पर हमला करते हुए कहा, "भारत का सर्वोच्च न्यायालय 27 मई 2026 को SIR के पक्ष में फैसला सुनाता है। तीनों कमिश्नर एक थे, सुप्रीम कोर्ट ने भी चुनाव आयोग के पक्ष में फैसला दिया और तीनों आयुक्तों की जो बैठक हुई, उसमें भी सर्वसम्मति हुई। उसके बावजूद कांग्रेस ने जिस तरह से ये हमले करने की कोशिश की, उससे कांग्रेस पार्टी में मैच्योरिटी की कमी साफ झलकती है।"

'मैच्योर नहीं कांग्रेस'

भाजपा प्रवक्ता ने चुनाव आयोग की बैठक के बाद कहा, "कहीं न कहीं कांग्रेस पार्टी में अपने विषयों को प्रस्तुत करने में परिपक्वता नहीं है। ऐसा नहीं है कि वह मैच्योर नहीं है और नादानी में यह सब कर रहे हैं। उन्हें किसी भी कीमत पर सत्ता हासिल करना है, उसके लिए किसी भी कद तक गिरना है, किसी भी स्तर तक गिरना है, मगर गिरने में भी जिस तरह का प्रदर्शन कांग्रेस पार्टी का रह रहा है, वह भी अपरिपक्व है, क्योंकि इस तरीके से देश के लोकतंत्र पर हमला नहीं होता है, देश की संवैधानिक संस्थाओं पर हमला नहीं होता है।"

BJP ने राहुल गांधी पर साधा निशाना

संबित पात्रा ने राहुल गांधी का जिक्र करते हुए कहा, "साल 2014 के बाद से आज तक कांग्रेस पार्टी के इतिहास को देखें, तो कोई भी ऐसी संस्था नहीं है, जिस पर कांग्रेस ने हमला नहीं किया है। भारत की किसी राजनीतिक पार्टी ने भारतीय सेना पर हमला नहीं किया है, लेकिन कांग्रेस और उनसे जुड़ी कुछ सैटेलाइट पार्टियों ने भारतीय सेना पर भी हमले किए हैं। सर्जिकल स्ट्राइक हो या एयर स्ट्राइक, उस पर भी उन्होंने सबूत मांगे हैं। उन्होंने DGMO तक को झूठा कह दिया था। राहुल गांधी ने DGMO को भी एजेंट कहा था। यहां तक कि सुप्रीम कोर्ट के जजों पर कांग्रेस ने जिस तरह से हमले किए हैं, यह दिखाता है कि किसी भी संस्था को छोड़ा नहीं गया है।"

'सत्ता हासिल करना कांग्रेस का लक्ष्य'

भाजपा नेता ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा, "कांग्रेस पार्टी एक बात अच्छी तरह समझ ले कि इस देश की जनता में समझदारी है। जनता जानती है कि आखिरकार कांग्रेस ऐसा क्यों कर रही है। किसी भी कीमत पर देश की सत्ता हासिल करना ही राहुल गांधी का लक्ष्य है। राहुल गांधी सत्ता हासिल नहीं कर पा रहे, इसी कारण से वह चुनाव आयोग, सुप्रीम कोर्ट और भारत की संवैधानिक संस्थाओं पर हमले कर रहे हैं।"

उन्होंने आगे बताया, "राहुल गांधी का मोटो है – Can’t Win, So Let’s Spoil the Game। हम जीत नहीं सकते हैं, तो आओ लोकतंत्र के पूरे खेल को ही बिगाड़ देते हैं। लेकिन भारत जैसे महान देश में आप संवैधानिक संस्थाओं पर हमला करो और जनता आपको माफ कर दे, ऐसा नहीं हो सकता है।"

Created On :   26 Sept 2026 10:25 PM IST

Tags

Next Story