Ram Govind Chaudhary Passes Away: सपा के वरिष्ठ नेता राम गोविंद चौधरी का निधन, 74 वर्ष की उम्र में दुनिया को कहा अलविदा

सपा के वरिष्ठ नेता राम गोविंद चौधरी का निधन, 74 वर्ष की उम्र में दुनिया को कहा अलविदा
उत्तर प्रदेश से समाजवादी पार्टी (सपा) के लिए एक दुखद खबर सामने आई है। पार्टी के वरिष्ठ नेता और विधानसभा में पूर्व नेता प्रतिपक्ष राम गोविंद चौधरी का 74 साल की उम्र में निधन हो गया है।

डिजिटल डेस्क, लखनऊ। उत्तर प्रदेश से समाजवादी पार्टी (सपा) के लिए एक दुखद खबर सामने आई है। पार्टी के वरिष्ठ नेता और विधानसभा में पूर्व नेता प्रतिपक्ष राम गोविंद चौधरी का 74 साल की उम्र में निधन हो गया है। उन्होंने शुक्रवार (25 सितंबर) को PGI लखनऊ में अंतिम सांस ली। यह खबर सामने आने के बाद सपा ने शोक जताया है। साथ ही ईश्वर से प्रार्थना की गई कि उनके परिजनों को इस दुख की घड़ी में शक्ति प्रदान करें। वह अपने राजनीतिक करियर में 8 बार विधायक रह चुके थे।

सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर बताया, "समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता, पूर्व नेता प्रतिपक्ष राम गोविंद चौधरी जी का निधन, अत्यंत दुःखद है। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति प्रदान करें। शोकाकुल परिजनों को यह असीम दुःख सहने का संबल प्राप्त हो। भावपूर्ण श्रद्धांजलि!"

CM योगी ने जताया दुख

राम गोविंद चौधरी के निधन पर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शोक व्यक्त किया है। उन्होंने एक्स पर कहा, "उत्तर प्रदेश विधान सभा के पूर्व नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मंत्री श्री राम गोविंद चौधरी जी का निधन अत्यंत दुःखद है। विनम्र श्रद्धांजलि। प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को सद्गति एवं शोकाकुल परिजनों को यह अथाह दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करें। ॐ शांति।"

सपा सांसद ने निधन पर क्या कहा?

सपा सांसद पुष्पेंद्र सरोज ने चौधरी के निधन पर दुख जताते हुए कहा, "समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष रहे श्री रामगोविंद चौधरी जी के निधन का समाचार अत्यंत दुखद है। सार्वजनिक जीवन में उनका योगदान और संघर्ष सदैव स्मरणीय रहेगा। ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और शोकाकुल परिजनों एवं समर्थकों को यह अपार दुःख सहने की शक्ति प्रदान करें।"

डिप्टी सीएम ने अर्पित की श्रद्धांजलि

यूपी के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने उनके निधन पर बताया, "उत्तर प्रदेश विधानसभा के पूर्व नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मंत्री श्री राम गोविंद चौधरी जी के निधन का समाचार अत्यंत दुःखद है। प्रभु श्रीराम जी से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा शोक-संतप्त परिजनों को इस असीम दुःख को सहन करने का संबल प्रदान करें। ॐ शांति!"

Created On :   26 Sept 2026 1:23 AM IST

Tags

Next Story