तेलंगाना नलगोंडा में परिवार के चार लोगों की हत्या मामले में रिश्तेदार निकला कातिल, पुलिस ने किया खुलासा

तेलंगाना  नलगोंडा में परिवार के चार लोगों की हत्या मामले में रिश्तेदार निकला कातिल, पुलिस ने किया खुलासा
तेलंगाना के नलगोंडा शहर में पुलिस ने एक ही परिवार के चार सदस्यों की हत्या के मामले का खुलासा करते हुए शुक्रवार को चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

हैदराबाद, 26 जून (आईएएनएस)। तेलंगाना के नलगोंडा शहर में पुलिस ने एक ही परिवार के चार सदस्यों की हत्या के मामले का खुलासा करते हुए शुक्रवार को चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी ने अपनी पत्नी, एक दोस्त और एक ज्वेलर के साथ मिलकर निजी रंजिश, आर्थिक तंगी और नगदी व सोने के गहने लूटने की मंशा से इस अपराध की साजिश रची थी।

नलगोंडा जिले के पुलिस अधीक्षक शरत चंद्र पवार ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्य और वैज्ञानिक जांच की मदद से पुलिस ने यह मामला तीन दिनों के भीतर सुलझा लिया।

मृतकों की पहचान मोहम्मद सुल्तान (45), पत्नी हसीना (38), बेटे मुजम्मिल (20) और बेटी अप्सरा (14) के रूप में हुई है। इन चारों के शव 22 जून को नलगोंडा टाउन के तेलंगाना कॉलोनी स्थित उनके घर से सड़ी-गली हालत में बरामद किए गए थे।

जांच में सामने आया कि सैयद असलम पीड़ित परिवार का रिश्तेदार है, उसने ही 20 जून को इस हत्या को अंजाम दिया। पुलिस ने उसकी पत्नी तबस्सुम और दो अन्य सहयोगियों सोहैल और हेमंत कुमार को भी गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार, हसीना ने एक साल पहले अपनी भांजी तबस्सुम और असलम को 1 लाख रुपए का कर्ज दिया था। बाद में असलम ने दोबारा 1 लाख रुपए का कर्ज मांगा, लेकिन हसीना ने मना कर दिया और पुराना कर्ज लौटाने को कहा। इसी बात को लेकर दोनों में रंजिश बढ़ गई और हत्या की साजिश रची गई।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि असलम ने यूट्यूब वीडियो देखकर इस वारदात की योजना बनाई। 20 जून की सुबह वह सुल्तान के घर के बाहर घात लगाकर बैठा था। जैसे ही हसीना घर से निकली, उसने उस पर हमला कर दिया। चीख सुनकर सुल्तान और मुजम्मिल बाहर आए, लेकिन उन्हें भी चाकू मारकर हत्या कर दी गई।

आरोपी ने 14 वर्षीय अप्सरा को भी नहीं छोड़ा, जो घर के अंदर बिस्तर के नीचे छिपी थी। उसे भी बाहर खींचकर हत्या कर दी गई।

इसके बाद आरोपियों ने घर से नगदी और गहने लूटे और फरार हो गए।

पड़ोसियों द्वारा दुर्गंध आने की सूचना देने पर पुलिस ने शव बरामद किए। शुरुआत में यह मामला आत्महत्या का लग रहा था, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद हत्या की पुष्टि हुई। जांच के बाद पुलिस ने रिश्तेदारों से पूछताछ कर मामले का खुलासा किया और चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने आरोपियों से एक कार, 30.04 लाख रुपए, पांच तोला पिघला हुआ सोना, हत्या में इस्तेमाल चाकू, तीन मोबाइल फोन, खून से सने कपड़े, और जमीन व बैंक दस्तावेज बरामद किए हैं।

सभी आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   27 Jun 2026 12:19 AM IST

Tags

Next Story