मणिपुर के उखरुल में संयुक्त अभियान के दौरान तीन आईईडी नष्ट, चार उग्रवादी गिरफ्तार
इंफाल, 25 सितंबर (आईएएनएस)। मणिपुर के उखरुल जिले में सुरक्षा बलों ने संयुक्त अभियान के दौरान तीन इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (आईईडी) को सुरक्षित तरीके से नष्ट कर दिया। वहीं, अलग-अलग अभियानों में मणिपुर के तीन जिलों से विभिन्न प्रतिबंधित संगठनों से जुड़े चार कट्टर उग्रवादियों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार उग्रवादियों के कब्जे से विदेशी हथियारों समेत हथियार और गोला-बारूद भी बरामद किए गए।
खुफिया जानकारी के आधार पर स्पीयर कोर के जवानों ने असम राइफल्स और मणिपुर पुलिस के साथ मिलकर उखरुल जिले में तीन आईईडी का पता लगाया।
सेना के मुताबिक, इन विस्फोटकों को जटिल तरीके से सक्रिय होने वाले सिस्टम के साथ लगाया गया था और इनसे आम लोगों की जान और संपत्ति को खतरा हो सकता था। सुरक्षा बलों ने पहले पूरे इलाके को सुरक्षित किया। इसके बाद नियंत्रित तरीके से तीनों आईईडी को उसी स्थान पर नष्ट कर दिया गया, जिससे खतरा पूरी तरह समाप्त हो गया।
सेना ने कहा कि इस सफल अभियान से सुरक्षा बलों की सतर्कता और अभियान के लिए उनकी तैयारियों का पता चलता है। साथ ही सेना, असम राइफल्स और मणिपुर पुलिस के बीच बेहतर तालमेल भी सामने आया है।
यह संयुक्त कार्रवाई उग्रवादी गतिविधियों को रोकने और क्षेत्र में शांति एवं स्थिरता बनाए रखने के लिए सुरक्षा बलों और कानून प्रवर्तन एजेंसियों की ओर से लगातार किए जा रहे प्रयासों का हिस्सा है।
मणिपुर पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि पीपुल्स लिबरेशन आर्मी (पीएलए), उसकी राजनीतिक शाखा रिवोल्यूशनरी पीपुल्स फ्रंट (आरपीएफ) और कांगलेईपाक कम्युनिस्ट पार्टी (केसीपी) से जुड़े चार उग्रवादियों को इंफाल पश्चिम, बिष्णुपुर और काकचिंग जिलों से गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार उग्रवादियों के कब्जे से विदेशी हथियारों समेत हथियार और गोला-बारूद बरामद किए गए। इनमें डेटोनेटर के साथ दो चीनी हैंड ग्रेनेड और पांच गोलियों से भरी मैगजीन के साथ एक ग्लॉक-19 पिस्टल शामिल है। इसके अलावा एक दोपहिया वाहन भी जब्त किया गया।
गिरफ्तार उग्रवादियों की पहचान फंदोम दिनेश सिंह (38) उर्फ थेम्बुंग उर्फ वांगबा, अहेइबाम सिलन मैतेई (34), ओकराम गोबिन मैतेई (25) और संजेनबाम अबुंग सिंह उर्फ कृष्णा (49) के रूप में हुई है।
इस बीच, केंद्रीय और राज्य सुरक्षा बलों की ओर से उग्रवादियों के खिलाफ बड़े पैमाने पर अभियान जारी है। विभिन्न जिलों के सीमावर्ती, मिश्रित आबादी वाले और संवेदनशील इलाकों में तलाशी अभियान और एरिया डोमिनेशन अभियान चलाए जा रहे हैं।
मणिपुर के पहाड़ी और घाटी वाले जिलों में कुल 116 नाके और चेकपोस्ट स्थापित किए गए हैं। इनका उद्देश्य संदिग्ध लोगों और वाहनों की अवैध आवाजाही पर रोक लगाना है।
सुरक्षा बल इंफाल-जिरीबाम राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच-37) पर आवश्यक वस्तुएं ले जाने वाले ट्रकों समेत अन्य वाहनों को सुरक्षा भी प्रदान कर रहे हैं। वाहनों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए संवेदनशील इलाकों में कड़े सुरक्षा इंतजाम और काफिलों की सुरक्षा जारी है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   25 Sept 2026 6:20 PM IST












