हैदराबाद में एक ही परिवार के तीन सदस्यों ने की आत्महत्या, आर्थिक तंगी बनी वजह

हैदराबाद में एक ही परिवार के तीन सदस्यों ने की आत्महत्या, आर्थिक तंगी बनी वजह
हैदराबाद के अंबरपेट इलाके में मंगलवार को एक ही परिवार के तीन सदस्यों द्वारा आत्महत्या करने की चौंकाने वाली घटना सामने आई है।

हैदराबाद, 24 फरवरी (आईएएनएस)। हैदराबाद के अंबरपेट इलाके में मंगलवार को एक ही परिवार के तीन सदस्यों द्वारा आत्महत्या करने की चौंकाने वाली घटना सामने आई है।

पुलिस के अनुसार, 55 वर्षीय रामाराजू, उनकी पत्नी माधवी (50) और पुत्र शशांक (24) अपने घर में मृत पाए गए। पड़ोसियों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए उस्मानिया जनरल अस्पताल की मोर्चरी में भिजवाया।

प्राथमिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि यह एक सुसाइड पैक्ट (सामूहिक आत्महत्या) का मामला है। पुलिस के मुताबिक, रामाराजू और शशांक ने कथित तौर पर माधवी का तकिए से गला दबाकर हत्या की। इसके बाद रामाराजू ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली, जबकि शशांक ने चाकू से अपनी कलाई काट ली।

पुलिस को घटनास्थल से एक सुसाइड नोट भी मिला है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि परिवार व्यापार में हुए नुकसान और कर्ज के बोझ से परेशान था। बताया जा रहा है कि परिवार अंबरपेट में एक होटल चला रहा था और आर्थिक तंगी के कारण तनाव में था।

जानकारी के अनुसार, घटना तड़के करीब 3:15 बजे की है। रामाराजू ने आत्महत्या से पहले अपने मित्र रवि को व्हाट्सएप संदेश भेजकर इस कदम की जानकारी दी थी। सुबह करीब 8 बजे संदेश देखने के बाद रवि उनके घर पहुंचे, लेकिन तब तक तीनों की मौत हो चुकी थी। इसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी।

मौके पर पहुंची पुलिस और क्लूज टीम ने साक्ष्य जुटाए। परिवार के रिश्तेदारों और पड़ोसियों के बयान भी दर्ज किए गए हैं। अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त नरसैया ने मीडिया को बताया कि परिवार व्यापार में घाटे के कारण मानसिक रूप से परेशान था। सुसाइड नोट में विभिन्न स्रोतों से लिए गए कर्ज का भी उल्लेख है।

पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और सभी पहलुओं से जांच की जा रही है।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   24 Feb 2026 5:01 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story