मध्य प्रदेश बुधनी में एक ही परिवार के तीन लोगों की हत्या, घर में मिले पति-पत्नी और बेटे के शव

भोपाल, 18 नवंबर (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश के सीहोर जिले के बुधनी कस्बे में एक ही परिवार के तीन सदस्यों की कथित तौर पर हत्या कर दी गई। मृतकों में पति-पत्नी और उनका बेटा शामिल हैं। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।
मृतकों की पहचान राकेश मीणा (45), उनकी पत्नी राधा (40) और बेटे अश्विन (24) के रूप में हुई है। तीनों के शव बुधवार को वार्ड नंबर 12 स्थित उनके घर के अंदर मिले। पुलिस के अनुसार, तीनों के सिर पर गंभीर चोट के निशान थे।
प्रारंभिक आशंका है कि मंगलवार देर रात जब परिवार के सदस्य सो रहे थे, उसी दौरान उनकी हत्या की गई। हालांकि, वारदात का सही समय और परिस्थितियां अभी स्पष्ट नहीं हो पाई हैं।
घटना का खुलासा बुधवार सुबह उस समय हुआ, जब घर के बाहर बंधी बकरियां लगातार मिमिया रही थीं। उनकी आवाज सुनकर एक पड़ोसी मौके पर पहुंचा। घर के अंदर तीनों के शव देखकर उसने पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलने पर एसडीओपी रवि शर्मा और बुधनी थाना प्रभारी सुनील ठाकुर पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घर का निरीक्षण करने के बाद जांच शुरू कर दी।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रशांत चौबे ने बताया कि पड़ोसी ने घर के अंदर तीन शव मिलने के बाद पुलिस को सूचना दी थी।
उन्होंने कहा, ''प्रारंभिक जांच में यह हत्या का मामला लग रहा है। हालांकि, आरोपियों की पहचान और वारदात के पीछे का मकसद अभी पता नहीं चल पाया है।''
घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के लिए फॉरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल), फिंगरप्रिंट विशेषज्ञों और डॉग स्क्वॉड की टीम को बुलाया गया है। पुलिस परिवार के रिश्तेदारों, परिचितों और आसपास रहने वाले लोगों से भी पूछताछ कर रही है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, परिवार मूल रूप से शाजापुर जिले का रहने वाला था। राकेश और उनकी पत्नी पहले एक ठेकेदार के यहां मजदूरी करते थे। बाद में उन्होंने अपना काम शुरू कर दिया था। राकेश स्थानीय मेलों में जूते-चप्पलों की दुकान लगाते थे।
बताया गया है कि परिवार ने करीब तीन साल पहले प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बुधनी में अपना मकान बनवाया था।
गौरतलब है कि बुधनी केंद्रीय कृषि मंत्री और मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान का विधानसभा क्षेत्र रहा है। वह कई कार्यकाल तक इस सीट का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। बाद में वह लोकसभा के लिए निर्वाचित हुए।
पुलिस का कहना है कि तिहरे हत्याकांड के पीछे की वजह और आरोपियों की पहचान का पता लगाने के लिए सभी संभावित पहलुओं से जांच की जा रही है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :  
