टाइगर श्रॉफ फायरिंग मामला जुहू में रेकी से लेकर कोटा में गिरफ्तारी तक, ऐसे रची गई थी पूरी साजिश

टाइगर श्रॉफ फायरिंग मामला जुहू में रेकी से लेकर कोटा में गिरफ्तारी तक, ऐसे रची गई थी पूरी साजिश
अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर हुए फायरिंग हमले के मामले में मुंबई पुलिस ने तेजी दिखाते हुए तीनों आरोपियों को कुछ ही घंटों में गिरफ्तार कर लिया। हालांकि शुरुआती जांच में सामने आया है कि हमले की पूरी साजिश काफी सुनियोजित तरीके से रची गई थी।

मुंबई, 19 अक्टूबर (आईएएनएस)। अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर हुए फायरिंग हमले के मामले में मुंबई पुलिस ने तेजी दिखाते हुए तीनों आरोपियों को कुछ ही घंटों में गिरफ्तार कर लिया। हालांकि शुरुआती जांच में सामने आया है कि हमले की पूरी साजिश काफी सुनियोजित तरीके से रची गई थी।

रविवार शाम को जुहू में फुटबॉल खेलकर लौट रहे टाइगर श्रॉफ की कार पर हमला किया गया था। इस घटना में अभिनेता सुरक्षित रहे, जबकि उनके चालक के घायल होने की खबर सामने आई। पुलिस ने कुछ ही घंटों के भीतर तीनों आरोपियों को राजस्थान के कोटा रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार कर लिया।

सामने आई जानकारी के अनुसार, हमले से करीब दो सप्ताह पहले आरोपी मुंबई पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि तीनों को लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने काम सौंपा था।

आरोपी लगातार टाइगर श्रॉफ की गतिविधियों पर नजर रख रहे थे। उन्होंने अभिनेता के घर और जिम की रेकी की थी। इसके अलावा सोशल मीडिया पर मौजूद पापाराजी वीडियो और अन्य सामग्री के जरिए भी टाइगर के नियमित कार्यक्रम और आने-जाने के रास्तों की जानकारी जुटाई जा रही थी।

रविवार को टाइगर श्रॉफ फुटबॉल खेलने मैदान पहुंचे थे। खेल खत्म होने के बाद जब वह अपनी कार से लौट रहे थे, तभी जुहू स्थित पुष्पा नरसी पार्क के पास मोटरसाइकिल पर सवार तीन हमलावरों ने उनकी कार पर फायरिंग कर दी। फायरिंग के बाद आरोपी तुरंत मौके से फरार हो गए।

सामने आया है कि आरोपियों ने हमले के बाद भागने का रास्ता पहले से तय कर रखा था। बताया जा रहा है कि उन्होंने अपनी मोटरसाइकिल अंधेरी वेस्ट रेलवे स्टेशन के पास छोड़ दी और वहां से ट्रेन के जरिए बोरीवली पहुंचे। इसके बाद तीनों आरोपी टैक्सी से सूरत गए।

सूरत पहुंचने के बाद उन्होंने रेलवे स्टेशन से एक ट्रेन पकड़ी और कोटा की ओर रवाना हो गए। मुंबई क्राइम ब्रांच ने घटना के बाद कई टीमें बनाकर संभावित ठिकानों और भागने के रास्तों पर निगरानी शुरू कर दी थी।

पुलिस के अनुसार, राजस्थान पुलिस के सहयोग से तीनों आरोपियों को ट्रेन में यात्रा के दौरान कोटा में पकड़ लिया गया।

प्रारंभिक जांच में यह भी पता चला है कि आरोपी दिल्ली पहुंचने और वहां से नेपाल भागने की योजना बना रहे थे। हालांकि पुलिस ने उनकी योजना सफल होने से पहले ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया।

मुंबई पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर इस बात का पता लगाने में जुटी है कि हमले की साजिश किसने रची, इसके पीछे कौन-कौन लोग शामिल थे और इसका मकसद क्या था।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   19 Oct 2026 11:48 PM IST

Tags

Next Story