ओमान तट के पास ईरानी कोस्ट गार्ड की चेतावनी फायरिंग से हड़कंप, भारतीय क्रू सुरक्षित

ओमान तट के पास ईरानी कोस्ट गार्ड की चेतावनी फायरिंग से हड़कंप, भारतीय क्रू सुरक्षित
ईरान के कोस्ट गार्ड ने 25 अप्रैल को ओमान के शिनास आउटर पोर्ट के पास टोगो के झंडे वाले केमिकल टैंकर 'एमटी सिरोन' पर चेतावनी के तौर पर गोलियां चलाईं। इस टैंकर पर भारतीय नाविकों सहित कई लोग सवार थे। यह जानकारी सोमवार को पोर्ट्स, शिपिंग और जलमार्ग मंत्रालय ने दी।

नई दिल्ली, 27 अप्रैल (आईएएनएस)। ईरान के कोस्ट गार्ड ने 25 अप्रैल को ओमान के शिनास आउटर पोर्ट के पास टोगो के झंडे वाले केमिकल टैंकर 'एमटी सिरोन' पर चेतावनी के तौर पर गोलियां चलाईं। इस टैंकर पर भारतीय नाविकों सहित कई लोग सवार थे। यह जानकारी सोमवार को पोर्ट्स, शिपिंग और जलमार्ग मंत्रालय ने दी।

बंदरगाह, जहाजरानी और जलमार्ग मंत्रालय के निदेशक मंदीप सिंह रंधावा ने एक बैठक में बताया कि जहाज दूसरे जहाजों के पास था, तभी ईरानी कोस्ट गार्ड ने दखल दिया और चेतावनी के तौर पर फायरिंग की।

उन्होंने कहा कि मंत्रालय, विदेश मंत्रालय (एमईए), भारतीय मिशनों और समुद्री क्षेत्र से जुड़े लोगों के साथ मिलकर लगातार संपर्क में है, ताकि नाविकों की सुरक्षा बनी रहे और कामकाज प्रभावित न हो।

रंधावा के मुताबिक, डीजी शिपिंग का कंट्रोल रूम अब तक 7,780 कॉल और 16,650 ईमेल संभाल चुका है। वे 2,770 भारतीय जहाजों के संपर्क में हैं, जिनमें से 12 ने हालात की जानकारी दी है। हम स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं और फिलहाल चिंता की कोई बात नहीं है।

इससे पहले 22 अप्रैल को ईरान ने होर्मुज स्‍ट्रेट में एक जहाज पर हमला किया था, जो भारत के मुंद्रा पोर्ट जा रहा था। यह हमला उस समय हुआ जब कुछ ही घंटे पहले अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अनिश्चितकालीन युद्धविराम की घोषणा की थी।

ईरान की सरकारी मीडिया प्रेस टीवी के मुताबिक, इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स नेवी (आईआरजीसी-एन) ने दो जहाजों पर हमला कर उन्हें अपने कब्जे में लेने की बात कही थी।

आईआरजीसी-एन ने इन जहाजों के नाम 'एमएससी फ्रांसेस्का' और 'एपामिनोडास' बताए।

दो शिपिंग मॉनिटरिंग साइट्स के अनुसार, लाइबेरिया के झंडे वाला 'एपामिनोंडास' जहाज दुबई के जेबेल अली बंदरगाह से गुजरात के मुंद्रा की ओर जा रहा था।

18 अप्रैल को भी ईरान ने होर्मुज स्‍ट्रेट में दो भारतीय जहाजों पर हमला किया था, जिन्हें वहां से गुजरने की अनुमति मिली हुई थी। भारत ने इस पर कड़ा विरोध जताया था।

आईआरजीसी-एन का कहना था कि इन जहाजों पर हमला इसलिए किया गया, क्योंकि वे बिना अनुमति के काम कर रहे थे। एक ब्रिटिश नेवी मॉनिटरिंग एजेंसी ने भी पुष्टि की कि आईआरजीसी की गनबोट्स ने दो जहाजों पर फायरिंग की, जिनमें से एक चलने लायक नहीं रहा और दूसरा क्षतिग्रस्त हो गया।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   27 April 2026 7:04 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story