ब्रातिस्लावा में राष्ट्रपति पीटर पेलेग्रिनी से मिले प्रधानमंत्री मोदी, योग शिविर में शामिल होकर पेंटिंग प्रदर्शनी का किया अवलोकन
ब्रातिस्लावा, 15 जून (आईएएनएस)। स्लोवाकिया यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्लोवाकिया के राष्ट्रपति पीटर पेलेग्रिनी के साथ सोमवार को राष्ट्रपति भवन में आयोजित एक योग शिविर में हिस्सा लिया। इस दौरान स्लोवाकिया के युवाओं ने प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रपति पेलेग्रिनी की मौजूदगी में योग किया।
इसके बाद राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति पीटर पेलेग्रिनी के साथ बैठक की और उनको उपहार भेंट किया। बदले में राष्ट्रपति पीटर पेलेग्रिनी ने भी तोहफा देकर पीएम का सम्मान बढ़ाया। मुलाकात के दौरान पीएम ने एक पेंटिंग प्रदर्शनी का भी दौरा किया।
राष्ट्रपति पेलेग्रिनी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा, "आज स्लोवाकिया के लिए एक ऐतिहासिक दिन है। मुझे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का स्वागत करके सम्मान महसूस हो रहा है। यह किसी भारतीय प्रधानमंत्री की स्लोवाकिया की पहली आधिकारिक यात्रा है। मैंने उन्हें भारत के सबसे लंबे समय तक लगातार सेवा देने वाले लोकतांत्रिक रूप से चुने गए प्रधानमंत्री बनने पर बधाई दी। यह उपलब्धि जनता के भरोसे, लगातार मेहनत और देश की सेवा का प्रतीक है।"
उन्होंने लिखा, "इस साल फरवरी में नई दिल्ली में हुई हमारी शानदार मुलाकात के बाद अब हम अपने सहयोग को एक नए स्तर पर ले जा रहे हैं। आज हमने व्यापार बढ़ाने, नई तकनीकों, परमाणु ऊर्जा, अंतरिक्ष और लोगों के बीच संबंधों को और मजबूत बनाने पर चर्चा की। हम 30 से अधिक वर्षों पुराने राजनयिक संबंधों को एक ऐसे व्यावहारिक और मजबूत साझेदारी में बदल रहे हैं, जिससे दोनों देशों के नागरिकों को वास्तविक लाभ मिलेगा।"
स्लोवाकिया के राष्ट्रपति ने प्रधानमंत्री मोदी के साथ एक सेल्फी भी साझा करते हुए लिखा, "मुझे खुशी है कि मैं और नरेंद्र मोदी उस खुले और दोस्ताना संवाद को आगे बढ़ा रहे हैं जिसकी शुरुआत मेरी इस साल फरवरी में नई दिल्ली यात्रा के दौरान हुई थी।"
इससे पहले दिन में, स्लोवाकिया के प्रधानमंत्री रॉबर्ट फित्सो ने प्रधानमंत्री मोदी को भारत का सबसे लंबे समय तक लगातार सेवा देने वाला लोकतांत्रिक रूप से चुना गया प्रधानमंत्री बनने पर बधाई दी और इसे एक 'राजनीतिक चमत्कार' बताया।
ब्रातिस्लावा में प्रधानमंत्री मोदी के साथ संयुक्त प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए फित्सो ने उनके नेतृत्व की सराहना की और कहा कि उनके कार्यकाल में भारत एक प्रमुख वैश्विक शक्ति के रूप में उभरा है।
फित्सो ने कहा, "भारत में प्रधानमंत्री की ओर से लाई गई राजनीतिक स्थिरता की मैं सराहना करता हूं। मैं आपको भारत के सबसे लंबे समय तक सेवा देने वाले प्रधानमंत्री बनने पर बधाई देता हूं।"
उन्होंने कहा, "लगातार 12 वर्षों तक इतने जटिल राजनीतिक माहौल में, जहां कई राजनीतिक दल हैं, नेतृत्व बनाए रखना किसी राजनीतिक चमत्कार से कम नहीं है। इसके लिए मैं आपको बधाई देता हूं।"
फित्सो ने भारत की आर्थिक प्रगति, डिजिटल बदलाव और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के क्षेत्र में उपलब्धियों की भी तारीफ की। उन्होंने कहा कि भारत कई विकसित देशों से आगे निकल चुका है।
उन्होंने कहा, "आपने विभिन्न क्षेत्रों में जो उपलब्धियां हासिल की हैं, उसके लिए मैं आपको बधाई देता हूं। खासकर डिजिटलाइजेशन और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के क्षेत्र में भारत की प्रगति शानदार है। आप इतनी तेजी से आगे बढ़े हैं कि पश्चिमी यूरोप के कई देशों, जैसे फ्रांस और जर्मनी, से भी आगे निकल गए हैं। दुनिया के कई विकसित देशों की तुलना में भारत काफी आगे है।"
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   15 Jun 2026 11:01 PM IST












