अमेरिकी कागजी करेंसी में द‍िखेंगे राष्ट्रपति डोनाल्ड जे. ट्रंप के हस्ताक्षर

अमेरिकी कागजी करेंसी में द‍िखेंगे राष्ट्रपति डोनाल्ड जे. ट्रंप के हस्ताक्षर
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड जे. ट्रंप का हस्ताक्षर भविष्य में जारी होने वाली अमेरिकी कागजी करेंसी पर दिखाई देगा। ट्रेजरी विभाग ने इसकी घोषणा करते हुए बताया कि यह पहली बार होगा जब किसी मौजूदा राष्ट्रपति का नाम अमेरिकी नोटों पर छापा जाएगा।

वॉशिंगटन, 27 मार्च (आईएएनएस)। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड जे. ट्रंप का हस्ताक्षर भविष्य में जारी होने वाली अमेरिकी कागजी करेंसी पर दिखाई देगा। ट्रेजरी विभाग ने इसकी घोषणा करते हुए बताया कि यह पहली बार होगा जब किसी मौजूदा राष्ट्रपति का नाम अमेरिकी नोटों पर छापा जाएगा।

यह कदम तब उठाया गया है, जब संयुक्त राज्य अमेरिका अपनी 250वीं वर्षगांठ मना रहा है, जिसे सेमिक्विनसेंटिनियल के नाम से भी जाना जाता है।

ट्रेजरी विभाग के एक बयान में कहा गया कि ट्रंप का हस्ताक्षर आने वाली अवधि में जारी होने वाली नई मुद्रा पर ट्रेजरी सचिव स्कॉट बेसेंट के हस्ताक्षर के साथ दिखाई देगा।

बेसेंट ने कहा, “राष्ट्रपति ट्रंप के नेतृत्व में हम अभूतपूर्व आर्थिक वृद्धि, डॉलर की स्थायी प्रधानता, और वित्तीय ताकत और स्थिरता की राह पर अग्रसर हैं।”

उन्होंने कहा, "हमारे महान देश और राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की ऐतिहासिक उपलब्धियों को सम्मानित करने का इससे अधिक शक्तिशाली तरीका और कोई नहीं हो सकता कि अमेरिकी डॉलर के नोट पर उनका नाम अंकित हो और यह बिल्कुल उचित है कि यह ऐतिहासिक करेंसी 'सेमीक्विनसेंटेनियल' के अवसर पर ही जारी की जाए।"

यह घोषणा अमेरिका की उस पुरानी परंपरा से एक बदलाव का संकेत है, जिसके तहत आमतौर पर करेंसी पर ट्रेजरी सचिव और कोषाध्यक्ष के हस्ताक्षर तो होते हैं, लेकिन किसी मौजूदा राष्ट्रपति के हस्ताक्षर नहीं होते।

कोषाध्यक्ष ब्रैंडन बीच ने कहा कि यह निर्णय न केवल वर्षगांठ के इस महत्वपूर्ण पड़ाव को दर्शाता है, बल्कि ट्रंप के आर्थिक रिकॉर्ड के प्रति प्रशासन के दृष्टिकोण को भी प्रतिबिंबित करता है।

उन्होंने कहा, “जैसे-जैसे हमारे महान राष्ट्र की 250वीं वर्षगांठ नजदीक आ रही है, अमेरिकी मुद्रा राष्ट्रपति ट्रंप के नेतृत्व में समृद्धि, ताकत और अमेरिकी लोगों की अडिग आत्मा का प्रतीक बनी रहेगी।”

उन्होंने कहा, “अमेरिका के आर्थिक पुनरुत्थान के वास्तुकार के रूप में राष्ट्रपति का इतिहास पर असर निर्विवाद है। अमेरिकी मुद्रा पर उनका हस्ताक्षर छपना न केवल उपयुक्त है, बल्कि पूरी तरह से योग्य भी है।”

ट्रेजरी विभाग ने यह स्पष्ट नहीं किया कि नए डिजाइन वाले नोट कब प्रचलन में आएंगे या कौन-सी राशि वाले नोटों पर नए हस्ताक्षर होंगे।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   27 March 2026 10:54 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story