पश्चिम बंगाल अरामबाग में बस खाई में गिरी, 2 महिलाओं की मौत, 30 घायल

पश्चिम बंगाल अरामबाग में बस खाई में गिरी, 2 महिलाओं की मौत, 30 घायल
पश्चिम बंगाल के हुगली जिले के अरामबाग क्षेत्र में मंगलवार को एक यात्री बस अनियंत्रित होकर पलट गई और सड़क किनारे खाई में जा गिरी। इस हादसे में दो महिलाओं की मौत हो गई, जबकि करीब 30 यात्री घायल हो गए।

कोलकाता, 23 जून (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल के हुगली जिले के अरामबाग क्षेत्र में मंगलवार को एक यात्री बस अनियंत्रित होकर पलट गई और सड़क किनारे खाई में जा गिरी। इस हादसे में दो महिलाओं की मौत हो गई, जबकि करीब 30 यात्री घायल हो गए।

अधिकारियों के मुताबिक, घायलों में कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है और उनका स्थानीय अस्पताल में इलाज चल रहा है। दुर्घटना के बाद एंबुलेंस के देर से पहुंचने पर स्थानीय लोगों ने प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई। स्थिति तनावपूर्ण होने पर पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया।

स्थानीय सूत्रों के अनुसार, करीब 50 यात्रियों को लेकर जा रही यह बस पूर्व बर्दवान जिले के बर्दवान शहर से हुगली जिले के तारकेश्वर जा रही थी। अरामबाग के आदमबांध इलाके में चालक बस पर नियंत्रण खो बैठा, जिसके बाद बस पलटकर खाई में जा गिरी।

तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। बाद में सूचना मिलने पर पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंची।

पुलिस के अनुसार, हादसे में दो महिला यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान 65 वर्षीय लक्ष्मी मुर्मू और 35 वर्षीय शर्मिला सोरेन के रूप में हुई है। दोनों पूर्व बर्दवान जिले के धादन क्षेत्र की रहने वाली थीं और तारकेश्वर मंदिर में दर्शन के लिए जा रही थीं। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए जाएंगे।

हादसे में घायल यात्रियों को बचाकर अरामबाग मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इनमें से कुछ की हालत गंभीर बनी हुई है।

स्थानीय लोगों ने दुर्घटना के लिए सड़क की खराब स्थिति को जिम्मेदार ठहराया है। उनका आरोप है कि सड़क मरम्मत की मांग लंबे समय से की जा रही थी, लेकिन प्रशासन ने इस ओर ध्यान नहीं दिया। एंबुलेंस के देर से पहुंचने को लेकर भी लोगों में काफी नाराजगी देखी गई।

गौरतलब है कि हाल ही में जलपाईगुड़ी जिले के मयनागुड़ी क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-27 पर उत्तर बंगाल राज्य परिवहन निगम की एक यात्री बस सड़क किनारे खड़े ट्रेलर से टकरा गई थी। उस हादसे में चार लोगों की मौत हो गई थी, जबकि 10 अन्य गंभीर रूप से घायल हुए थे।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   23 Jun 2026 3:42 PM IST

Tags

Next Story