वंदे मातरम विवाद पर बोले कर्नाटक सीएम शिवकुमार- कांग्रेस का रुख हमेशा से साफ रहा है

वंदे मातरम विवाद पर बोले कर्नाटक सीएम शिवकुमार- कांग्रेस का रुख हमेशा से साफ रहा है
कर्नाटक सरकार द्वारा राज्य के कार्यक्रमों में 'वंदे मातरम' को केवल दो छंदों तक सीमित करने के विवाद के बीच मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने शुक्रवार को कहा कि कांग्रेस ने हमेशा राष्ट्रीय गीत, राष्ट्रीय ध्वज, राष्ट्रगान, आजादी, लोकतंत्र और संविधान का सम्मान किया है।

बेंगलुरु, 11 सितंबर (आईएएनएस)। कर्नाटक सरकार द्वारा राज्य के कार्यक्रमों में 'वंदे मातरम' को केवल दो छंदों तक सीमित करने के विवाद के बीच मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने शुक्रवार को कहा कि कांग्रेस ने हमेशा राष्ट्रीय गीत, राष्ट्रीय ध्वज, राष्ट्रगान, आजादी, लोकतंत्र और संविधान का सम्मान किया है।

उन्होंने जोर देकर कहा कि राष्ट्रीय गीत पर पार्टी का रुख लंबे समय से साफ रहा है।

सीएम डीके शिवकुमार ने अरण्य भवन में पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि देश की आजादी की लड़ाई और लोकतांत्रिक संस्थाओं से जुड़े मूल्यों को बनाए रखने में कांग्रेस ने अहम भूमिका निभाई है।

उन्होंने कहा, "वंदे मातरम पर मेरी पार्टी का रुख वही है, जिसका हम लंबे समय से पालन कर रहे हैं। वे अपनी राजनीति करने की कोशिश कर रहे हैं। हम उसका सम्मान करते हैं। वंदे मातरम हम लाए। राष्ट्रीय ध्वज हम लाए। राष्ट्रगान हम लाए। आजादी हम लाए। लोकतंत्र हम लाए। संविधान हम लाए।"

उन्होंने कहा कि वंदे मातरम पर कांग्रेस का रुख नया नहीं है और पार्टी सभी राष्ट्रीय प्रतीकों और संवैधानिक मूल्यों का सम्मान करती है।

सीएम शिवकुमार ने कस्तूरीरंगन रिपोर्ट पर कहा कि सरकार इस मुद्दे पर अंतिम फैसला लेने से पहले किसानों से सलाह-मशविरा करेगी। उन्होंने कहा कि मंगलुरु के दौरे के बाद वे तीन या चार जिलों का दौरा करेंगे और किसानों से मिलकर उनकी राय जानेंगे।

उन्होंने कहा, "मैं किसानों से मिलूंगा और फिर हम 21, 22 और 23 सितंबर को किसानों के मुद्दों, सड़कों से जुड़े मुद्दों और रिपोर्ट पर चर्चा के लिए एक विशेष सत्र आयोजित करेंगे। हम इस पर चर्चा करेंगे, क्योंकि हमने पहले मौका गंवा दिया है। मैं चाहता हूं कि सभी विधायक जनता और राज्य के किसानों के हित में अपनी बात रखें और अपनी राय दें।"

कर्नाटक सरकार ने कस्तूरीरंगन रिपोर्ट और उससे जुड़े मुद्दों पर चर्चा के लिए 21 से 23 सितंबर तक विधानसभा का तीन दिवसीय विशेष सत्र बुलाया है।

पीडब्‍ल्‍यूडी मंत्री सतीश जारकीहोली से जुड़े मामलों में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की छापेमारी के बीच उनसे मुलाकात करने पर शिवकुमार ने अपने सहयोगी का बचाव करते हुए कहा कि जारकीहोली ने कोई गलत काम नहीं किया है।

उन्‍होंने कहा, "जरकीहोली मेरे सहयोगी हैं। उन्होंने कुछ भी गलत नहीं किया है। वे कानून के दायरे में रहकर अपना काम कर रहे हैं। कोई यह कैसे कह सकता है कि उन्हें बाहर नहीं जाना चाहिए या बाहर काम नहीं करना चाहिए? मुझे पता है कि वे क्या कर रहे थे।"

शिवकुमार ने आरोप लगाया कि जांच एजेंसियां ​​चुनिंदा तरीके से कांग्रेस नेताओं को निशाना बना रही हैं।

उन्‍होंने आरोप लगाया, "मुझे पता है कि वे तीन या चार लोगों को भी निशाना बनाने की योजना बना रहे हैं। वे पूरी कांग्रेस और विपक्षी दलों को फंसाने की कोशिश कर रहे हैं। भाजपा का जो भी व्यक्ति बाहर गया या जिसने पैसे ट्रांसफर किए, उसे निशाना नहीं बनाया जा रहा है। वे ऐसा सिर्फ हमारी पार्टी के लोगों के साथ कर रहे हैं।"

सीएम ने अवैध हथियारों को सरेंडर करने के लिए समय-सीमा तय करने के फैसले का बचाव करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय रामकृष्ण हेगड़े का जिक्र किया, जिन्होंने अपने कार्यकाल के दौरान लोगों से अवैध हथियार सरकार को सौंपने की अपील की थी।

उन्‍होंने कहा, "इसके बाद, हजारों लोग आगे आए और उन्होंने सरकार को हथियार सौंप दिए।"

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   11 Sept 2026 10:58 PM IST

Tags

Next Story