सचिन तेंदुलकर संग फोटो शेयर करते ही विक्रांत मैसी को याद आए बैकग्राउंड डांसर वाले दिन

सचिन तेंदुलकर संग फोटो शेयर करते ही विक्रांत मैसी को याद आए बैकग्राउंड डांसर वाले दिन
क्रिकेट के दिग्गज सचिन तेंदुलकर ने रविवार को सोशल मीडिया पर एक फोटो शेयर की, जिसमें वे '12वीं फेल' के असली और रील (ऑन-स्क्रीन) किरदारों (मनोज कुमार शर्मा और अभिनेता विक्रांत मैसी) के साथ नजर आ रहे हैं।

मुंबई, 22 नवंबर (आईएएनएस)। क्रिकेट के दिग्गज सचिन तेंदुलकर ने रविवार को सोशल मीडिया पर एक फोटो शेयर की, जिसमें वे '12वीं फेल' के असली और रील (ऑन-स्क्रीन) किरदारों (मनोज कुमार शर्मा और अभिनेता विक्रांत मैसी) के साथ नजर आ रहे हैं।

सचिन ने फोटो के कैप्शन में लिखा, "एक ने इस सफर को जिया, तो दूसरे ने इसे पर्दे पर जीवंत कर दिया। असली और रील '12वीं फेल' से मिलकर बहुत अच्छा लगा!"

इस बात से बेहद खुश विक्रांत ने उस समय को याद किया, जब वे सचिन के एक विज्ञापन में बैकग्राउंड डांसर हुआ करते थे।

विक्रांत ने बताया कि सचिन द्वारा उनकी फोटो शेयर किया जाना उन्हें किसी 'सपने' जैसा लग रहा है।

अपनी खुशी जाहिर करते हुए विक्रांत ने कमेंट सेक्शन में लिखा, "हे भगवान!!! मुझे यकीन ही नहीं हो रहा कि आपने हमारी फोटो शेयर की है। बहुत-बहुत धन्यवाद सर!"

उन्होंने आगे लिखा, "जब मैं एसडीआईपीए में था, तब आपके एक एडिडास विज्ञापन में बैकग्राउंड डांसर होने से लेकर, आज मेरे और मनोज सर के साथ आपकी फोटो शेयर करने तक - यह किसी सपने से कम नहीं है। आपको ढेर सारी शुभकामनाएं, अच्छा स्वास्थ्य और खुशियां मिलें!"

इसके अलावा, मनोज कुमार शर्मा ने भी कमेंट किया, "आपको बहुत सारा प्यार और सम्मान," और साथ में हाथ जोड़ने वाला इमोजी भी लगाया।

'12वी फेल' की बात करें तो, यह फिल्म अनुराग पाठक की 2019 में आई नॉन-फिक्शन किताब पर आधारित है। यह किताब मनोज कुमार शर्मा के जीवन से प्रेरित है, जिन्होंने घोर गरीबी से बाहर निकलकर भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) अधिकारी बनने का सफर तय किया। इस किताब में मनोज की जीवनसाथी श्रद्धा जोशी का भी जिक्र है, जो भारतीय राजस्व सेवा (आईआरएस) की अधिकारी हैं।

'12वीं फेल' में विक्रांत मैसी ने मनोज कुमार शर्मा और मेधा शंकर ने श्रद्धा जोशी का किरदार निभाया है। फिल्म में इनके अलावा अनंत जोशी, अंशुमान पुष्कर और प्रियांशु चटर्जी भी अहम भूमिकाओं में नजर आते हैं।

इस ड्रामा फिल्म में अपने दमदार अभिनय के लिए विक्रांत को 69वें फिल्मफेयर अवॉर्ड्स में 'बेस्ट एक्टर' का पुरस्कार भी मिला।

27 अक्टूबर 2023 को रिलीज हुई '12वीं फेल' को समीक्षकों और दर्शकों से खूब तारीफ मिली।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :  

Tags

Next Story