झारखंड हाईकोर्ट में चीफ जस्टिस से लेकर नीतीश सेतु विवाद तक, कांग्रेस नेता राकेश सिन्हा ने पूछे तीखे सवाल

रांची, 22 नवंबर (आईएएनएस)। कांग्रेस नेता राकेश सिन्हा ने रविवार को झारखंड हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश की नियुक्ति, निशिकांत दुबे की प्रस्तावित किताब, सोने की खरीद, नीतीश कुमार और सेतु संबंधी टिप्पणी, मोहम्मद सिराज विवाद और राहुल गांधी से माफी की बीजेपी की मांग पर प्रतिक्रिया दी।
सीएम हेमंत सोरेन ने झारखंड हाईकोर्ट में चीफ जस्टिस की नियुक्ति को लेकर पत्र लिखा है। वर्तमान चीफ जस्टिस 27 नवंबर को रिटायर्ड हो रहे हैं। इसको लेकर उन्होंने रविवार को समाचार एजेंसी आईएएनएस से बात करते हुए कहा कि स्वाभाविक तौर पर राज्य में कानून और न्याय की मजबूती के लिए उच्च न्यायालय में मुख्य न्यायाधीश का होना अति आवश्यक है, ताकि न्याय मिलता रहे तो इस बाबत मुख्यमंत्री ने पत्र लिखा है और हमें ये लगता है कि इसी से ये संजीदगी प्रदर्शित होती है कि हम कानून का राज्य स्थापित करने में कितने संजीदा है।
गोड्डा से बीजेपी के सांसद निशिकांत दुबे ने कांग्रेस नेता सोनिया गांधी पर किताब लिखने की घोषणा की है। उन्होंने कहा कि किताब में मारुती कंपनी, नेशनल हेराल्ड, बोफोर्स विवाद और 2004 से 14 के दौरान सोनिया गांधी की राजनीतिक भूमिका से जुड़े सवालों को शामिल किया जाएगा।
इस पर उन्होंने कहा कि निशिकांत दुबे को हम गंभीरता से लेते नहीं है और कम से कम सोनिया ने एक किताब लिख करके उन्हें बेचैन तो कर दिया है। अब निशिकांत भी अपने रोजगार में लग जाएं और लिखे किताब, क्योंकि प्रधानमंत्री और देश के गृह मंत्री तो इनको कोई रोजगार दिए नहीं है। जो दूसरी पार्टी से भारतीय जनता पार्टी में आई अन्नपूर्णा को मंत्री बना दिया, लेकिन निशिकांत को इसी तरह बयानवाजी के लिए छोड़ दिया है। इनको गंभीरता से लेने की आवश्यकता नहीं है।
प्रधानमंत्री मोदी ने पिछले साल सोने की खरीद कम करने की अपनी अपील पर लोगों की प्रतिक्रिया पर खुशी जताई। लखनऊ में राष्ट्रीय कौशल दीक्षांत समारोह के दौरान उन्होंने कहा कि लोगों ने उनकी अपील मानी और सोना कम खरीदा, जिससे सोने की कीमतों में गिरावटें आईं और लोगों का पैसा बचा। उन्होंने इसकी तुलना पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की एक वक्त का भोजन छोड़ने की अपील से की।
इस पर उन्होंने कहा कि अपनी पीठ देश के प्रधानमंत्री अब खुद थपथपा रहे हैं, क्योंकि वैश्विक मंच पर कोई उनका पीठ थपथपा नहीं रहा। किसान इनके समर्थन में नहीं, युवा इस देश में, इनके समर्थन में नहीं। यहां तक कि अब इनके पार्टी के लोग भी अब इनके खिलाफ हो गए हैं। ऐसे में प्रधानमंत्री अपनी पीठ को स्वयं थपथपा रहे हैं।
बिहार में नीतीश सेतु का प्रधानमंत्री ने उद्घाटन किया, उसको लेकर राजन ने सवाल उठाया है और कहा है कि इसमें बीजेपी और केंद्र का योगदान नहीं है। 2015 में महागठबंधन के समय इसका निर्माण शुरू हुआ था। तेजस्वी यादव ने नामकरण को लेकर आपत्ति करते हुए कहा कि नाम आमतौर पर उन लोगों के सम्मान में रखा जाता है, जो जीवित नहीं है और आरोप लगाया कि भाजपा यह संदेश देना चाहती है कि नीतीश कुमार का राजनीतिक वजूद खत्म हो गया है।
इसको लेकर कांग्रेस नेता राकेश सिन्हा ने कहा कि बिहार वीरों की धरती है। बौद्धिक ज्ञान वाली धरती बिहार है। यह सही है कि उस पुल में योगदान महा यूपीए सरकार का था, लेकिन ठीक है रिबन प्रधानमंत्री ने काटा। हमें यह लगता है कि बिहार बाढ़ से सबसे ज्यादा प्रभावित राज्य है। 50 लाख से ऊपर लोग बिहार में बाढ़ के कारण पलायन करते हैं। उनकी आर्थिक स्थिति बुरी तरह खराब हो जाती है।
उन्होंने कहा, जब भी प्रधानमंत्री बिहार आएं, तो बाढ़ की स्थिति से कैसे निपटा जाए, क्या ब्लूप्रिंट है उनके पास। इस पर कभी प्रधानमंत्री ने चर्चा नहीं की, तो यह समझा जा सकता है कि सिर्फ अपना फोटोशूट करवाने के लिए प्रधानमंत्री कोई काम करते हैं।
क्रिकेटर मोहम्मद सिराज का भारतीय पुरुष टेस्ट क्रिकेट टीम में सेलेक्शन नहीं होने को लेकर एआईएमआईएम के चीफ असदुद्दीन ओवैसी ने कहा कि सिराज मुस्लिम बिरादरी से आते हैं, गरीब परिवार से आते हैं, जिसके कारण उनका सेलेक्शन नहीं हुआ है।
इससे पहले कांग्रेस के सांसद इमरान मसूद ने भी इस मुद्दे को उठाया था और कहा कि उनको एक मुस्लिम होने का दर्द है। राकेश सिन्हा ने कहा कि हमें यह लगता है कि इस देश में 2014 के बाद से किसान होने का भी दर्द झेला जा रहा है। युवा होने का भी दर्द लोग झेल रहे हैं, अल्पसंख्यक होने का भी दर्द लोग झेल रहे हैं, तो 2014 के बाद से इस देश में लगातार ये घटनाएं घट रही हैं। इससे कोई इनकार नहीं कर सकता।
किसानों के ऊपर लाठी चला दो, उनके ऊपर गोलियों की बौछार कर दो, युवाओं पर पैलेट गन का इस्तेमाल कर दो, उनकी आंखों की रोशनी छीन लो और अल्पसंख्यकों के साथ जिस प्रकार का व्यवहार हो रहा है, यह सर्वविदित है।
बीजेपी ने राहुल गांधी से एक डिमांड की है। शिकागो में भारत की वैश्विक भूमिका को लेकर राहुल गांधी द्वारा की गई टिप्पणी को लेकर देश से माफी मांगने की मांग की है। राहुल गांधी ने वहां कहा था कि भारत वैश्विक मामलों में साइड प्लेयर है। इस पर उन्होंने कहा कि माफी प्रधानमंत्री को मांगनी चाहिए। 26 बहनों का सुहाग उजाड़ने वाला आतंकवादी पकड़ा नहीं गया, मारा नहीं गया। जिस देश में वो आतंकवादी पनाह लेता है, उसके मंत्री का भारत की राजधानी में स्वागत करते हैं।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत की 7 प्रतिशत आर्थिक वृद्धि दर का जिक्र करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियों की सराहना की। उन्होंने भारत की कम ब्याज दर का उदाहरण देते हुए कहा कि अमेरिका भी ऐसी नीतियों से तेज आर्थिक विकास हासिल कर सकता है।
इस पर राकेश सिन्हा ने कहा कि हां, भारत की सराहना डोनाल्ड ट्रंप कर रहे हैं और भारतीयों को जेल में बंद रखे हुए हैं तो यह एक इवेंट है। प्रधानमंत्री जब-जब डोनाल्ड ट्रंप से अपनी तारीफ करवाते हैं, तब इसका असर भारतीयों को झेलना पड़ता है। भारत की जीडीपी पूरी तरह असमानता के दौर से गुजर रही है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :  
