गोलीबारी के बाद पहली बार मंच पर लौटे टाइगर श्रॉफ, 'देवा श्री गणेशा' पर दी शानदार प्रस्तुति

मुंबई, 22 नवंबर (आईएएनएस)। अभिनेता टाइगर श्रॉफ अपने ऊपर हुए हमले के बाद पहली बार सार्वजनिक मंच पर दिखाई दिए। उन्होंने मुंबई में आयोजित 'ग्लोबल पीस ऑनर्स 2026' इवेंट में 'देवा श्री गणेशा' गाने पर परफॉर्म किया।
टाइगर श्रॉफ ने फोटो-शेयरिंग ऐप पर लिखा, "फिर से सबके सामने आकर खुशी हुई। इस साल फिर से अपने शो की शुरुआत करने के लिए मुझे आमंत्रित करने के लिए मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और अमृता फडणवीस का धन्यवाद। यह हमेशा एक सम्मान की बात होती है।"
स्टेज पर टाइगर सिर्फ लाल रंग की धोती-स्टाइल पैंट पहने नजर आए। उन्होंने अपने लुक को और आकर्षक बनाने के लिए कई हार और मेटैलिक आर्म कफ (बांह पर पहनने वाले कड़े) पहने थे। उनके कंधों पर एक सजावटी कपड़ा भी था।
दरअसल, टाइगर ने गोलीबारी की घटना के लगभग एक महीने बाद सोशल मीडिया पर भी वापसी की। टाइगर ने इंस्टाग्राम पर अपने नए गाने "तेनु लेके जाना" का टीजर शेयर किया। उन्होंने साथ में लिखा, "एक और मौका, एक और डांस।"
टाइगर के इस पोस्ट पर उनकी बहन कृष्णा श्रॉफ ने कमेंट किया, "वह वापस आ गए हैं।"
18 अक्टूबर की शाम को जब टाइगर की कार मुंबई के जुहू इलाके में एक फुटबॉल ग्राउंड से निकल रही थी, तब उन पर गोली चलाई गई थी। बाइक पर सवार तीन लोगों ने टाइगर की कार पर फायरिंग की। गनीमत रही कि टाइगर इस घटना में सुरक्षित बच गए, लेकिन उनके ड्राइवर को चोटें आईं।
वर्क फ्रंट की बात करें तो, टाइगर जल्द ही करण जौहर की फिल्म 'लग जा गले' में नजर आएंगे, जिसमें वह जाह्नवी कपूर और लक्ष्य लालवानी के साथ स्क्रीन शेयर करेंगे। राज मेहता के निर्देशन में बनी फिल्म 'लग जा गले' 14 मई 2027 को सिनेमाघरों में आएगी। इसके अलावा टाइगर की एक और फिल्म भी बन रही है, जिसका निर्देशन रेमो डिसूजा कर रहे हैं।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :  
