छत्तीसगढ़ के मंदिर में रोपवे टूटने से महिला श्रद्धालु की मौत, सीएम विष्णु देव साई ने दिया जांच के आदेश
रायपुर/महासमुंद, 22 मार्च (आईएएनएस)। छत्तीसगढ़ के खल्लारी माता मंदिर में एक रोपवे ट्रॉली अचानक टूटकर जमीन पर गिर गई, जिससे एक महिला श्रद्धालु की मौत हो गई और 16 अन्य श्रद्धालु घायल हो गए। यह हादसा उस समय हुआ, जब प्रार्थना करने के बाद श्रद्धालु लौट रहे थे और केबल में खराबी आ गई। मुख्यमंत्री विष्णु देव साई ने घटना पर गहरा दुख जताया है।
उन्होंने शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की और उन्हें इस दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने के लिए प्रार्थना की।
मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा, "महासमुंद जिले के खल्लारी माता मंदिर में हुई रोप-वे दुर्घटना की सूचना अत्यंत दुखद एवं पीड़ादायक है। दुर्घटना में एक श्रद्धालु के निधन के समाचार से मन व्यथित है। मेरी गहरी संवेदनाएं शोकाकुल परिजनों के साथ हैं। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें एवं परिजनों को इस असहनीय दुख को सहने की शक्ति प्रदान करें।"
उन्होंने लिखा कि दुर्घटना की जानकारी मिलते ही संबंधित अधिकारियों को घायलों के बेहतर उपचार के लिए आवश्यक निर्देश दे दिए गए हैं। इस घटना की विस्तृत जांच की जाएगी और दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा। खल्लारी माता से प्रार्थना है कि इस दुर्घटना में घायल सभी श्रद्धालुओं को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें।
चट्टान से ट्रॉली के टकराने से श्रद्धालुओं को गंभीर चोटें आईं, जिनमें से चार गंभीर रूप से घायल श्रद्धालुओं को विशेष उपचार के लिए रायपुर रेफर किया गया, जबकि अन्य को बागबाहरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि यात्रा के दौरान ट्रॉली का नियंत्रण खो जाने और नीचे चट्टानी ढलान पर गिरने के कारण दहशत और अफरातफरी का माहौल हो गया था।
मंदिर परिसर में चीख-पुकार मच गई, क्योंकि श्रद्धालु घायलों की मदद के लिए दौड़ पड़े थे। पुलिस ने अभी तक महिला की पहचान नहीं की है। पुलिसकर्मियों और स्थानीय लोगों ने तुरंत बचाव कार्य शुरू कर दिया था और निजी वाहनों से पीड़ितों को अस्पतालों तक पहुंचाया।
घायलों में बच्चे और बुजुर्ग लोग शामिल थे। इस दुर्घटना में श्रद्धालुओं की अधिकता थी, जिससे प्रशासन को परेशानी का सामना करना पड़ा।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   22 March 2026 2:45 PM IST












