मथुरा में फरसा वाले बाबा की मौत का मामला विश्व हिंदू परिषद के प्रांतीय अध्यक्ष ने दर्ज कराई एफआईआर

मथुरा में फरसा वाले बाबा की मौत का मामला विश्व हिंदू परिषद के प्रांतीय अध्यक्ष ने दर्ज कराई एफआईआर
उत्तर प्रदेश के मथुरा में गौरक्षक चंद्रशेखर उर्फ फरसा वाले बाबा की मौत के बाद विश्व हिंदू परिषद (वीएचपी) के प्रांतीय अध्यक्ष कन्हैया अग्रवाल ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने अज्ञात विधर्मी और गौतस्करों पर उपद्रव करने का आरोप लगाया है।

मथुरा, 22 मार्च (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के मथुरा में गौरक्षक चंद्रशेखर उर्फ फरसा वाले बाबा की मौत के बाद विश्व हिंदू परिषद (वीएचपी) के प्रांतीय अध्यक्ष कन्हैया अग्रवाल ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने अज्ञात विधर्मी और गौतस्करों पर उपद्रव करने का आरोप लगाया है।

वीएचपी के प्रांतीय अध्यक्ष कन्हैया अग्रवाल ने आरोप लगाया कि वह कोसी अध्यक्ष रणवीर सिंह और महानगर मंत्री नितिन चौधरी के साथ घटनास्थल पर लोगों को समझाने गए थे। वहां सभी लोग थे और वे धरना खत्म करने के लिए तैयार थे, लेकिन विधर्मी और गौतस्करों के समर्थकों ने वहां पथराव किया।

उन्होंने मथुरा के छाता पुलिस थाने में अपनी शिकायत दी। इस शिकायत के आधार पर पुलिस ने धारा 191(2), 191(3), 190, 115(2), 131 और 125 के तहत मुकदमा दर्ज किया है।

मथुरा के कोसीकलां थाना क्षेत्र में चंद्रशेखर उर्फ फरसा वाले बाबा की मौत के बाद शनिवार को हंगामा हुआ था। इस दौरान पुलिस टीम पर भी पथराव हुआ, जिसमें गाड़ियों को नुकसान पहुंचा।

इस विवाद में अब तक 22 नामजद और 300 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने प्रशासनिक अधिकारियों पर पथराव, लाठी-डंडों से हमला और अवैध हथियारों से फायरिंग के मामले में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने 14 लोगों को भी गिरफ्तार किया है। अन्य लोगों को गिरफ्तारी के लिए तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।

मथुरा के एसएसपी श्लोक कुमार ने बताया कि बाहरी लोगों ने माहौल खराब करने की कोशिश की थी। उन्होंने ही अफवाह फैलाने का काम किया।

एसएसपी श्लोक कुमार ने बताया कि कोसीकलां क्षेत्र में चंद्रशेखर उर्फ फरसा वाले बाबा ने एक वाहन को रोका था। वह वाहन नागालैंड नंबर का एक कैंटर था। उन्हें कैंटर में गोवंश की आशंका थी। जब वह कैंटर को चेक करने के लिए पीछे लौटे, तभी कोहरे के कारण दूसरा ट्रक आकर टकराया। इसमें फरसा वाले बाबा घायल हुए और कुछ देर बाद घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   22 March 2026 2:20 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story