सुवेंदु अधिकारी ने बंगाल की सीएम ममता बनर्जी को बताया 'सांप्रदायिक'
कोलकाता, 22 मार्च (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल के नेता प्रतिपक्ष सुवेंदु अधिकारी ने रविवार को मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर 'सांप्रदायिक' होने का आरोप लगाया। उनकी यह प्रतिक्रिया शनिवार को ममता बनर्जी के रेड रोड पर ईद समारोह में शामिल होने के बाद आई, जहां उन्होंने भारतीय जनता पार्टी और प्रधानमंत्री मोदी पर तीखा हमला बोला और पश्चिम बंगाल की जनता के साथ खड़े रहने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
बंगाल के विपक्ष के नेता 23 और 29 अप्रैल को होने वाले दो चरणों के राज्य विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार करने नंदीग्राम में थे। पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने कहा, "ममता बनर्जी स्वयं सांप्रदायिक हैं। नमाज इस्लाम धर्म मानने वालों के लिए है। क्या ममता बनर्जी इस्लाम धर्म का पालन करती हैं? वह मुस्लिम नहीं हैं। महिलाओं के लिए नमाज अलग से आयोजित की जाती है।"
उन्होंने तृणमूल कांग्रेस सुप्रीमो पर धार्मिक मंच का दुरुपयोग करने का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा, "कल खिलाफत कमेटी के कार्यक्रम में उन्होंने देश के प्रधानमंत्री को घुसपैठिया कहा। धार्मिक कार्यक्रम में भला कौन इस तरह की बातें करता है? मैं भी ऐसे कार्यक्रमों में जाता हूं, लेकिन क्या मैं ऐसे कार्यक्रमों में भाजपा को वोट देने के लिए कहता हूं, या क्या मैं कहता हूं कि मुख्यमंत्री बुरे हैं?"
भाजपा को मुस्लिम समुदाय से मिल रहे समर्थन पर उन्होंने कहा, “इस बार हमें काफी समर्थन मिल रहा है। कल ईद के दिन भी मैं हल्दिया गया था। ईद उनका अपना त्योहार था, लेकिन इसके बावजूद वे मेरी सभा में आए। अभी इस रैली में भी 50 से ज्यादा युवा मुस्लिम पुरुष शामिल हैं।”
सुवेंदु अधिकारी ने कहा कि लोग रोजगार की मांग कर रहे हैं। नंदीग्राम के 30,000 युवा दूसरे राज्यों में प्रवासी मजदूर के रूप में काम कर रहे हैं, जिनमें 18,000 मुस्लिम युवा हैं। 3,000 से ज्यादा मुस्लिम युवा महाराष्ट्र में काम कर रहे हैं।”
भाजपा नेता ने कहा, “लोगों को अब एहसास हो गया है कि तृणमूल कांग्रेस ने 2021 के चुनाव में एनआरसी के नाम पर वोट बटोरे थे। इस बार ऐसा कुछ नहीं होगा। इस बार न हिंदू, न मुस्लिम और न ही कोई ममता बनर्जी के साथ है।”
नंदीग्राम में अपने प्रचार अभियान को लेकर अधिकारी ने कहा, “मैं यहां सिर्फ चुनाव के लिए नहीं, बल्कि इसलिए हूं, क्योंकि यह जगह मेरा घर है। भाजपा ने मुझे फिर से यहां से उम्मीदवार बनाया है। मैं यहां कार्यकर्ताओं और लोगों से मिलने आया हूं। नंदीग्राम और सुवेंदु एक-दूसरे के पर्याय हैं।”
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   22 March 2026 5:43 PM IST












