गाजियाबाद में बड़ा जासूसी नेटवर्क का खुलासा, देश विरोधी गतिविधियों में शामिल 3 और आरोपी गिरफ्तार

गाजियाबाद में बड़ा जासूसी नेटवर्क का खुलासा, देश विरोधी गतिविधियों में शामिल 3 और आरोपी गिरफ्तार
गाजियाबाद से एक बेहद गंभीर और चिंताजनक मामला सामने आया है, जहां पुलिस ने देश विरोधी गतिविधियों और संवेदनशील सूचनाओं को विदेश भेजने वाले एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश किया है। इस मामले में अब तक कई आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है, जबकि कुछ नाबालिगों को भी हिरासत में लिया गया है।

गाजियाबाद, 22 मार्च (आईएएनएस)। गाजियाबाद से एक बेहद गंभीर और चिंताजनक मामला सामने आया है, जहां पुलिस ने देश विरोधी गतिविधियों और संवेदनशील सूचनाओं को विदेश भेजने वाले एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश किया है। इस मामले में अब तक कई आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है, जबकि कुछ नाबालिगों को भी हिरासत में लिया गया है।

पुलिस के अनुसार, थाना कौशाम्बी क्षेत्र में 14 मार्च को सूचना मिली थी कि भोवापुर इलाके में रहने वाले कुछ युवक संदिग्ध गतिविधियों में लिप्त हैं। ये लोग रेलवे स्टेशन, सुरक्षा बलों के ठिकानों और अन्य महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों के वीडियो और फोटो बनाकर विदेश में बैठे लोगों को भेजते थे। साथ ही, पैसों का लालच देकर अन्य युवाओं को भी इस काम में शामिल किया जा रहा था। सूचना के आधार पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मामला दर्ज किया और शुरुआती चरण में 5 पुरुष और 1 महिला को गिरफ्तार किया। उनके मोबाइल फोन की जांच में कई संवेदनशील स्थानों के वीडियो, फोटो और लोकेशन डाटा बरामद हुआ।

मामले की गंभीरता को देखते हुए एक विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया। जांच के दौरान 17 मार्च से आरोपियों को पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ की गई, जिसके आधार पर 20 मार्च को 9 और आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जिनमें 5 नाबालिग भी शामिल थे। इन नाबालिगों को बाद में किशोर न्याय गृह भेज दिया गया।

ताजा कार्रवाई में 22 मार्च को मुख्य आरोपी नौशाद अली उर्फ लालू को गिरफ्तार किया गया। उसकी निशानदेही पर एक महिला आरोपी मीरा और एक नाबालिग को भी पकड़ा गया। पूछताछ में सामने आया कि यह पूरा नेटवर्क सीमापार बैठे हैंडलर्स के इशारे पर काम कर रहा था। गिरोह के प्रमुख सदस्यों में सुहैल मलिक, नौशाद अली और समीर उर्फ शूटर शामिल हैं, जिनमें से सुहैल मलिक को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के जरिए जुड़े थे और उन्हें विशेष ऐप्स के माध्यम से फोटो-वीडियो भेजने की ट्रेनिंग दी गई थी। ये लोग खासतौर पर आर्थिक रूप से कमजोर और तकनीकी जानकारी रखने वाले युवाओं को निशाना बनाते थे, ताकि उनसे संवेदनशील स्थानों की रेकी कराई जा सके। महिला आरोपी मीरा का काम हथियारों की तस्करी करना था और वह पहले भी दिल्ली पुलिस द्वारा गिरफ्तार की जा चुकी है।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 3 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। जांच में यह भी सामने आया है कि विदेशी हैंडलर आरोपियों को सौर ऊर्जा से चलने वाले सिम-आधारित सीसीटीवी कैमरे लगाने के निर्देश दे रहे थे, ताकि महत्वपूर्ण स्थानों की लगातार निगरानी की जा सके।

फिलहाल, पुलिस इस पूरे नेटवर्क के अन्य सदस्यों और विदेशी कनेक्शन की गहन जांच कर रही है। यह मामला राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ा होने के कारण एजेंसियां भी सतर्क हो गई हैं।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   22 March 2026 6:13 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story